
जुलूस निकालकर न्यायालय में किया पेश
बालाघाट। ग्रामीण थाना नवेगांव पुलिस ने रंगदारी कर शराब के लिए पैसे मांगने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों के पास से पुलिस ने चाकू भी जब्त किया है। शनिवार को इन चारों आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर को गोंगलई निवासी सतीश पिछोड़े अपने दोस्त रविंद्र ठाकरे के साथ नाश्ता करने के लिए कृषि उपज मंडी गोंगलई जा रहे थे। इसी दौरान गोंगलई निवासी विकास उर्फ विक्की मसकरे 24 वर्ष, अक्कू उर्फ आकाश बोमार्डे 22 वर्ष, विशाल दमाहे 22 वर्ष और अंकित दमाहे 23 वर्ष ने रास्ते में उन्हें रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर चारों युवकों ने मारपीट कर अश्लील गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सतीश पिछोड़े ने इस मामले की शिकायत ग्रामीण थाना में की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 119 (1), 296, 115 (2), 351 (3), 3 (5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया।
चारों युवकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए विकास, आकाश, विशाल और अंकित को गिरफ्तार कर लिया। आकाश और विशाल के पास से दो चाकू जब्त किया। जिसके चलते दोनों ही आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने पृथक से आयुध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया।
