
घर में घुसकर ईंट-पत्थरों से हमला, बालकनी से खींचकर की मारपीट, वीडियो भी सामने आए
गुना | प्रेम विवाह करने वाली एक महिला का जीवन अब उसके ही भाइयों ने नर्क बना दिया है। भाईयों की रंजिश इतनी बढ़ गई है कि वे बहन और उसके पति को जान से खत्म करने पर उतारू हैं। ताज़ा घटना में आरोपी भाईयों ने श्रीराम कॉलोनी निवासी बहन के घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान परिवार ने चैनल गेट बंद कर किसी तरह जान बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी घर में घुस गए और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे उसके पति और परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आश्चर्यजनक स्थिति यह रही कि पूर्व में जब पीडि़ता कोतवाली थाना पहुंची और सुरक्षा की मांग की, तो पुलिस ने कहा जब आपको बड़ी चोट लगेगी, तब एफआईआर होगी। पीडि़ता ने कहा कि इसी लापरवाही का नतीजा है कि अब उसके भाइयों ने जान लेने की कोशिश कर दी।
पीडि़ता अभिलाषा जाटव निवासी श्रीराम कॉलोनी ने बताया कि उसने दो साल पहले विनोद लाखरे से प्रेम विवाह किया था और उनकी एक बेटी भी है। इसी बात पर उसके दोनों भाई सूर्यप्रताप उर्फ जीतू जाटव और सुबोध प्रताप जाटव उससे नाराज रहते हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां देते आए हैं। अभिलाषा ने बताया कि घटना वाले दिन वह बालकनी में थी, तभी उसके भाई घर के बाहर खड़े होकर उसे गालियां दे रहे थे। जब वह उन्हें समझाने नीचे आई, तो सूर्यप्रताप ने हाथ में ईंट उठाई और उसके सिर पर दे मारी। इसके बाद आरोपियों ने उसे थप्पड़ों और मुक्कों से बुरी तरह मारा। उसने कहा कि वह दर्द और खून से लथपथ गिर पड़ी, लेकिन आरोपी रुकने वाले नहीं थे। इसी बीच उसके पति और सास ने किसी तरह बीच-बचाव किया। जाते-जाते आरोपी भाई बोले-आज बच गई, अगली बार जान ले लेंगे।
पीडि़ता ने बताया कि उसने पहले भी कई बार पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई, लेकिन कोतवाली पुलिस ने हर बार टाल दिया और कहा जब खून-खराबा होगा तब कार्रवाई करेंगे। अभिलाषा ने रोते हुए कहा, क्या मेरी जान जाने के बाद केस दर्ज होगा? क्या एक बेटी को अपने ही भाइयों की मौत का इंतज़ार करना पड़ेगा? घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें आरोपी घर के बाहर पत्थर-ईंट फेंकते और गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। इस संबंध में पुलिस ने अब अभिलाषा की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
