Spread the love

मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आयुष्मान आरोग्यम् मंदिर सुपला और झामर में लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित किया
नरसिंहपुर । प्रदेश शासन के पंचायत ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सभी नागरिक निरोग व स्वस्थ रहने के लिए बेहतर जीवन शैली को अपनाये, अपनी दिनचर्या के खान पान में नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कोरोना काल के संकट में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई, जिससे हमने कोरोना काल के संकट का सहजता से सामना किया। मंत्री श्री पटेल शनिवार को ग्राम पंचायत सुपला में आयुष्मान आरोग्यम् मंदिर, उपस्वास्थ्य केन्द्र के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, श्री रामसनेही पाठक सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद थे। मंत्री श्री पटेल ने इसी प्रकार से आयुष्मान आरोग्यम् मंदिर, उपस्वास्थ्य केन्द्र झामर का भी लोकार्पण किया। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारी सरकार नागरिकों को गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए संकल्पित है। ग्राम सुपला और झामर में नागरिकों को इलाज के लिए गांव से दूर न जाना पड़े इसके लिए आयुष्मान आरोग्यम् मंदिर का लोकार्पण किया गया है।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि आयुष्मान आरोग्यम् मंदिर में छह-छह महीने में अपने स्वास्थ्य का जांच परीक्षण जरूर करायें। जिससे आपकी गंभीर बीमारियों का समय में पता चल सके और उन गंभीर बीमारियों का समय पर उपचार किया जा सके। उन्होंने बताया कि लोगों की दिनचर्या और खान-पान में बदलाव आने के कारण डायबिटीज और हाईपरटेंशन जैसी बीमारियां बढ़ने की आशंका बनी रहती है। समय पर उपचार होने से इन बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। मंत्री श्री पटेल ने आयोजित कार्यक्रम में डॉ. हर्षवर्धन के द्वारा नागरिकों के लिए स्वास्थ्य के प्रति किये गये कार्य, उपचार और समर्पण के योगदान के बारे में भी बताया। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारी सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए विभिन्न अभियान संचालित की गई है। हमारी सरकार सभी नागरिकों के स्वास्थ्य की गहन चिंता करती है और उनको स्वास्थ्य की गारंटी देती है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक सुखी व शांतिपूर्वक रहें, निरोग व स्वस्थ रहे और नशे से दूर रहें।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारी सरकार सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार कर रही है। सिकलसेल से पीड़ित मरीजों के इलाज का खर्चा सरकार वहन करती है, जिससे पीड़ित परिवार पर इस बीमारी के उपचार का बोझ न पड़े। हमारी सरकार टीबी जैसी गंभीर बीमारियों को भी जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक स्वस्थ रहे, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनकर आगे बढ़े। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, अच्छा पोषण आहार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दें, जिससे वे स्वस्थ व निरोग रहें। उन्होंने बताया कि समाज में आपदा व कठिन परिस्थितियों से निपटने के लिए अच्छा स्वास्थ्य का होना जरूरी है। अपने जीवन में संयम रखें, अच्छी जीवन पद्धति को अपनायें और अच्छा खानपान करें जिससे आप निरोग व स्वस्थ रहे। मंत्री श्री पटेल ने आयोजित कार्यक्रम में टी.बी. के मरीजों को पोषण आहार का फूड बास्केट और प्रसूति सहायता की राशि का वितरण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *