Spread the love

दो शिफ्ट में पुलिस करेगी गश्त, नगर के प्रमुख मार्गों और आवासीय कॉलोनियों में रखी जाएगी विशेष निगरानी
शराबियों, हुड़दंगियों पर रखी जाएगी पैनी नजर ………….. एसपी के निर्देश पर किया गया बंदोबस्त
बालाघाट। बालाघाट शहर अब 24 घंटे पुलिस पहरे में रहेगा। 60 जवान दो शिफ्टों में लगातार गश्त करते रहेंगे। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए है। पुलिस की इस व्यवस्था से शराबखोरी, सडक़ किनारे हुड़दंग या किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधियों न केवल अंकुश लगेगा। बल्कि संबंधितों पर कड़ी कार्यवाही भी की जाएगी। पुलिस ने यह एक्शन एसपी आदित्य मिश्रा के निर्देशन में लिया है। इसका क्रियान्वयन भी शुरु कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शहर में लगातार यातायात व्यवस्था चरमरा रही थी। तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था । इतना ही नहीं बिगड़ती व्यवस्था के चलते अनेक दुर्घटनाएं भी हो रही थी। इसी अव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एसपी ने अपने अमले को निर्देशित किया है। इतना ही नहीं एसपी आदित्य मिश्रा ने बीती रात्रि शहर का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा भी लिया था। एसपी के भ्रमण के दौरान उन्हें भी अराजक स्थिति मिली। जिसके बाद उन्होंने तत्काल ही इस मामले को संज्ञान लेते हुए अव्यवस्था में सुधार के लिए निर्देशित किया। जिसके चलते रात्रि में ही पुलिस बल ने व्यवस्था में सुधार करते हुए चेक प्वाईंट भी लगा दिए। रात्रिकालीन ड्यूटी के लिए तैनात बल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नगर) निहित उपाध्याय और सीएसपी वैशाली सिंह द्वारा ब्रिफ किया गया।
18 स्थायी प्वाईंट से होगी चेकिंग
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देशन में बालाघाट शहर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने विशेष बंदोबस्त किया है। शहर के प्रमुख मार्गों एवं आवासीय कॉलोनियों में अब 18 स्थायी प्वाइंट बनाए गए हैं। 6 मोबाइल और 7 बाइक पाटियां तैनात की गई हैं, जो शहर में लगातार गश्त करेगी। यह व्यवस्था करीब 60 के बल के साथ दो शिफ्टों में लागू रहेगी। जिसमें शाम 6 से रात 12 बजे और रात 12 से सुबह 6 बजे तक जवान दो शिफ्टों तक गश्त करते रहेंगे। इस तरह से नई व्यवस्था के तहत अब बालाघाट शहर को सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
संदिग्धों पर रखी जाएगी निगरानी, वाहनों की होगी चेकिंग
इस नई व्यवस्था के तहत इन प्वाइंटों पर पुलिस दल द्वारा वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जाएगी। रात्रिकालीन सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य शहर में चोरी, लूट और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखना तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। इसके अलावा शराबखोरी, सडक़ किनारे हुड़दंग या किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस कड़ी कार्यवाही करेगी। बालाघाट पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में दें। ताकि संबंधित पर तत्काल कार्यवाही की जा सकें।
इनका कहना है
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए है। एसपी के निर्देश पर शहर के प्रमुख मार्गों एवं आवासीय कॉलोनियों में प्वाईंट बनाकर नजर रखी जाएगी। पुलिस दल द्वारा वाहनों की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जाएगी। शराबखोरी, सडक़ किनारे हुड़दंग या किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
वैशाली सिंह, सीएसपी, बालाघाट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *