Spread the love

इंदौर में 8.30 करोड़ की अत्याधुनिक लैब का लोकार्पण………… मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी,
इंदौर । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में ₹8.30 करोड़ की लागत से नवनिर्मित अत्याधुनिक फूड एंड ड्रग टेस्टिंग लैबोरेटरी का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत अब प्रदेश में संभाग स्तर के साथ-साथ जिला स्तर पर भी फूड एंड ड्रग टेस्टिंग लैबोरेटरी की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि खाद्य एवं औषधि विक्रय और निर्माण के क्षेत्र में मिलावटखोरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि यह नई प्रयोगशाला विशेषकर मालवांचल में जांच व्यवस्था को नई गति देगी और नागरिकों को शुद्ध खाद्य सामग्री एवं प्रमाणिक औषधि उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इंदौर लैब को प्रदेश के अन्य जिलों के लिए एक आदर्श मॉडल बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ कार्य करने वाले उद्योगों एवं संस्थानों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में तेज विकास की बात कही। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के तहत, इंदौर के एम.वाय. अस्पताल को आदर्श अस्पताल बनाने के लिए लगभग ₹787 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में हुए स्वास्थ्य कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ₹5.5 करोड़ की लागत से सांवेर में 50 बेड का सिविल अस्पताल, ₹10 करोड़ की लागत से कनाडिया में 50 बिस्तरों वाला सिविल अस्पताल (निर्माणाधीन), और ₹15 करोड़ से कम्पेल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन किया जा रहा है।
लोक स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में फूड एंड ड्रग टेस्टिंग लैब्स के नेटवर्क को तेजी से विस्तारित किया जा रहा है। भोपाल के बाद इंदौर प्रदेश की दूसरी लैब है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन माह में तीसरी लैब जबलपुर और चार माह बाद चौथी लैब ग्वालियर में शुरू होगी। इसके बाद पाँचवीं लैब की आधारशिला उज्जैन में रखी जाएगी, जिससे विभाग सशक्त और सुदृढ़ बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *