Spread the love

मचा हड़कंप,यात्रियों की जान बची
सतना । सतना-मानिकपुर रेल खंड पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक बड़ा ट्रेन हादसा होते-होते टल गया। मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस से भागलपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन (12336) की तीन बोगियां चलती ट्रेन से अचानक अलग हो गईं।घटना रात करीब 2:54 बजे मझगवां और ठिकरिया स्टेशन के बीच हुई। सौभाग्य से उस समय ट्रैक पर कॉशन’ (धीमी गति का निर्देश) लागू था, जिससे ट्रेन सिर्फ 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। धीमी गति के चलते किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे अधिकारीओ के मुताबिक, ट्रेन की S-1 कोच की कपलिंग अचानक टूट गई। जिससे उसके साथ जुड़ा एक जनरल कोच और सबसे पीछे का गार्ड यान (SLR) ट्रेन से अलग हो गया।कपलिंग टूटने के कारण एयर प्रेशर अचानक ड्रॉप हो गया। जिससे ट्रेन और अलग हुई बोगियां दोनों ऑटोमैटिक ब्रेक लगने से रुक गईं।ट्रेन की धीमी गति ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली। वरना हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।एरिया मैनेजर नरेश सिंह, स्टेशन मास्टर अब्दुल मतीन, RPF, GRP और C&W (कोच एंड वैगन) तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची।जांच में पता चला कि S-1 कोच की कपलिंग जर्जर होकर टूट गई थी। इसके बाद प्रशासन ने उस कोच को ट्रेन से अलग करने का निर्णय लिया और उसमें बैठे यात्रियों को अन्य बोगियों में सुरक्षित रूप से बैठाया गया।टेक्निकल टीम ने पूरी रात मरम्मत का कार्य किया।करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद बाकी दोनों बोगियों (जनरल कोच और गार्ड यान) को ट्रेन से जोड़ा गया।सुबह 7 बजे ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।रेलवे प्रशासन ने घटना को तकनीकी जांच के आदेश जारी किए हैं।प्रारंभिक जांच में कपलिंग की खराबी सामने आई है, लेकिन मेंटेनेंस में लापरवाही की भी जांच की जा रही है।घटना के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग नींद से घबराकर उठ गए।लेकिन रेलवे स्टाफ की तत्परता से हालात जल्द ही काबू में आ गए।धीमी रफ्तार और तकनीकी सुरक्षा प्रणाली के कारण यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में बदलने से बच गया।रेलवे अधिकारियों ने कहा यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी ट्रेनों की कपलिंग की विशेष जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *