Spread the love

रुपझर थाना क्षेत्र के ग्राम नारंगी का मामला
बालाघाट। रुपझर थाना क्षेत्र के उकवा चौकी अंतर्गत ग्राम नारंगी में एक दामाद ने अपने ही ससुर की हत्या कर दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। पंचनामा कार्यवाही की। शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। इधर, हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 27 अक्टूबर को संगीता सलामे ने थाना में सूचना दी थी कि उनके पड़ोसी झाडूलाल उइके 73 वर्ष की हत्या की उनके ही दामाद संजू उर्फ संजय राऊत 37 वर्ष निवासी ग्राम देवरी हाल मुकाम नारंगी द्वारा कर दी गई है। सूचना के आधार पर उकवा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही की। घटनास्थल का निरीक्षण एफएसएल यूनिट, फिंगर प्रिंट टीम द्वारा करवाया गया। शव का पीएम कराया गया। जिसमें मृत्यु का कारण सिर पर गंभीर चोट व गला दबाने से होना पाया गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103 (1), 238 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गवाहों से पूछताछ के आधार पर पता चला कि 25 अक्टूबर को नारंगी में मंडई का आयोजन था। इसी दिन संजय राऊत का उसकी पत्नी मनीषा से विवाद हुआ था। जिसके चलते मनीषा घर छोडकऱ कहीं चली गई थी। संजय ने अपने ससुर से मनीषा के बारे में पूछताछ की। इसी दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। गुस्से में आकर संजय ने अपने ही ससुर झाडुलाल के सिर पर लकड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *