Spread the love

शाजापुर। मक्सी पुलिस ने अवैध शराब परिवहन पर बड़ी कार्रवाई कर लाखों रुपये की शराब एवं वाहन जप्त किया है। थाना प्रभारी मक्सी संजय वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अवैध शराब परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि देवास की ओर से एक सुजुकी कंपनी की लोडिंग वाहन अवैध शराब भरकर मक्सी की ओर आ रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने आगरा-बॉम्बे रोड़ मक्सी बायपास पुलिया के पास घेराबंदी की। कुछ देर पश्चात मुखबिर द्वारा बताई गई गाड़ी आते दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन को रुकवाने का संकेत देने पर चालक ने गाड़ी को तेज गति से भगाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए शासकीय वाहन से पीछा किया और कनासिया नाका के वाहन को रोक लिया। वाहन रुकते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर झाडि़यों में फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन से 50 पेटी पावर कंपनी की बीयर केन (प्रत्येक में 24 केन, 500 एमएल), 03 पेटी लंदन प्राइड वोडका क्वार्टर (प्रत्येक में 50 क्वार्टर, 180 एमएल), 02 पेटी लंदन प्राइड बॉटल (प्रत्येक में 12 बॉटल, 750 एमएल), 02 पेटी लंदन प्राइड व्हिस्की (प्रत्येक में 50 क्वार्टर, 180 एमएल), 02 पेटी ओल्ड मंक रम (प्रत्येक में 48 क्वार्टर, 180 एमएल), 01 पेटी 8पीएम व्हिस्की (48 क्वार्टर, 180 एमएल), कुल 60 पेटियों में लगभग 689 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,30,000 रूपये है। साथ ही सुजुकी लोडिंग वाहन कीमत 8,00,000 आंकी गई। इस प्रकार कुल 10,30,000 रूपये का माल जप्त किया गया। वाहन की राजसात प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है। आरटीओ कार्यालय से वाहन स्वामी आरोपी की जानकारी प्राप्त की जा रही है। जप्त शराब के बैच नंबरों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई एवं कहां भेजी जा रही थी। वहीं टोल टैक्स की फुटेज के आधार पर फरार आरोपी की पहचान की जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय वर्मा, उपनिरीक्षक अरविंद तोमर, सउनि नरेंद्र सिंह बुंदेला, प्रआर 116 कशीद कुरैशी, प्रआर 24 राजेश जाट, आर चालक 274 प्रेमनारायण की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *