
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने दबोचा
सतना। प्रदेश में हाल ही में प्रतिबंधित की गई कार्बाइड गन का खतरा अभी टला नहीं है। सतना जिले के कोठी कस्बे में एक नाबालिग के पास से यह खतरनाक गन बरामद की गई है। हैरानी की बात यह है कि नाबालिग ने यह गन इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील देखकर खुद ही बनाना सीखा था।यह मामला तब सामने आया, जब नाबालिग का कार्बाइड गन के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।प्रशिक्षु डीएसपी और कोठी थाना प्रभारी आशुतोष त्यागी ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो उनकी नजर में आया था। इसमें कोठी कस्बे का एक नाबालिग लड़का कार्बाइड गन से खिलवाड़ करता दिख रहा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत नाबालिग की पहचान की और सोमवार शाम को उसे उसके परिजनों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से वह कार्बाइड गन और 100 ग्राम कार्बाइड पाउडर जब्त कर लिया है।पूछताछ में नाबालिग ने जो खुलासा किया, वह सोशल मीडिया के खतरनाक प्रभाव को दर्शाता है। उसने बताया कि उसने इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो रील देखकर यह गन बनाना सीखा था।गौरतलब है कि हाल ही में दीपावली पर आतिशबाजी के कारण प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में कार्बाइड गन से निकले छर्रों से सैकड़ों बच्चों और युवाओं की आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद इस गन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।पुलिस ने नाबालिग को भविष्य में इसका इस्तेमाल न करने की सख्त हिदायत दी है। थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि ऐसी किसी भी खतरनाक वस्तु की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
