Spread the love

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि बिहार का चुनाव शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। राहुल गांधी ने लिखा- मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
राहुल गांधी से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा- हम बिहार की जनता के फ़ैसले का सम्मान करते हुए, ऐसी ताक़तों के खिलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे जो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर, लोकतंत्र को कमज़ोर करने में जुटी हैं।
खरगे ने आगे लिखा- हम चुनाव के परिणामों का गहराई से अध्ययन करेंगे और नतीजों के कारणों को समझने के बाद विस्तृत बात रखेंगे। बिहार में जिन मतदाताओं ने महागठबंधन का साथ दिया है, उनके हम तहे दिल से आभारी है।
खरगे ने आगे लिखा- कांग्रेस के हर कार्यकर्ता से कहना चाहता हूँ कि आपको हतोत्साहित होने की ज़रूरत नहीं। आप हमारी आन-बान-शान है। आपकी कड़ी मेहनत हमारी ताकत है। हम जनता को जागरूक करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जनता के बीच रहकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संघर्ष जारी रखेंगे। यह लड़ाई लंबी है – और हम इसे पूरी निष्ठा, साहस और सत्य के साथ लड़ेंगे।
इससे पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी बिहार चुनाव में वोट चोरी का जिक्र किया। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा- निस्संदेह, बिहार के चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, और चुनाव आयोग द्वारा रची गई वोट चोरी को बड़े पैमाने पर दर्शाते हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने के अपने अभियान को और अधिक मज़बूती के साथ जारी रखने के अपने संकल्प को दोहराती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *