Spread the love

नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने के आरोप
भोपाल। सीबीआई ने बंगरसिया के एक सीआरपीएफ इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वो सीआरपीएफ और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उम्मीदवारों से नौकरी लगवाने के नाम पर रकम वसूल रहा था। जानकारी के अनुसार सीबीआई (एसीबी) भोपाल ने 2 सितंबर 2025 को अच्युतानंद आजाद, निरीक्षक, सीआरपीएफ बंगरसिया, भोपाल के विरुद्ध यह कार्यवाही की है। इसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी के अंतर्गत धारा 420 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 7 के अंतर्गत एक नियमित मामला रजिस्टर किया था।अच्युतानंद पर आरोप है कि उसने अन्य अज्ञात लोगों के साथ आपराधिक षड्यंत्र करते हुए साल 2023-2025 की अवधि के दौरान सीआरपीएफ और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में विभिन्न पदों पर चयन कराने के बहाने संभावित उम्मीदवारों और उनके रिश्तेदारों से पैसा लिया। जांच के दौरान सीबीआई को यह भी पता चला है कि अच्युतानंद आजाद ने अपने बैंक खाते में, अपनी पत्नी के बैंक खातों में और अपनी साझेदारी फर्म परी तितली इंटरप्राइजेज के खाते में बिचौलियों के माध्यम से कई संभावित उम्मीदवारों से मोटी रकम वसूली थी। बाद में सीबीआई को जानकारी लगी कि अच्युतानंद आजाद गवाहों को धमका रहा है, और जांच को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। बाद में सीबीआई ने आरोपी इंस्पेक्टर अच्युतानंद आजाद को 17 नवंबर की रात करीब 9 बजे गिरफ्तार किया और अगले दिन 18 नवंबर को सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश भोपाल की अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 20 नवंबर तक दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *