
2 जेसीबी, 03 पिकअप, 02 ट्राली व 01 बाईक जब्त
खरगोन । जिले में कराये पर पिकअप, जेसीबी मशीन और ट्राली लेने के बाद उन्हें महाराष्ट्र ले जाकर गिरवी रखने वाला शातिर ठग पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो माह में लगातार जिले के गोगावां और भगवानपुरा थानाक्षेत्र से पीडि़त वाहन मालिक एसपी को शिकायतें कर चुके है।
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि श्रीराम निवासी ग्राम रायसागर ने प्रकाश जाधव पिता नन्दुलाल जाधव निवासी ग्राम दगडख़ेड़ी को जेसीबी क्रमांक एमपी12 डीए 0266 दो माह के लिए 70 हजार रुपये में किराये पर दी थी। जब अक्टूबर माह में जेसीबी वापस नही मिली तो श्रीराम ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि प्रकाश ने उक्त जेसीबी को जलगांव महाराष्ट्र में साढ़े तीन लाख रुपये में गिरवी रख दी है।
इसी तरह गोगावां थाने पर भी ऐसी ही शिकायत प्रकाश के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। दोनों प्रकरणों के मामले में प्रकाश की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। परिणामस्वरूप प्रकाश को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में जेसीबी एवं 01 पिकअप जलगांव महाराष्ट्र में तथा 01 पिकअप सिरपुर धुलिया महाराष्ट्र, 01 पिकअप जुलवानिया जिला बड़वानी, 01 ट्राली बन्हेर थाना बिस्टान, 01 ट्राली मुवासिया थाना चैनपुर एवं 01 मोटरसायकल होण्डा शाईन मोंगरगांव थाना बिस्टान में गिरवी रखना बताया। सभी वाहन 8 लाख 28 हजार रुपये में गिरवी रखना बताया। उक्त सभी वाहनों की तलाश कर गिरवी रखने वालों के पास से वाहनों को थाना भगवानपुरा लाया गया है। आरोपी प्रकाश को जिला जेल खरगोन दाखिल किया गया।
