
आंबेडकर चौक में की वाहनों की जांच, चालकों को दी समझाईश ..10 दिसंबर तक चलेगा अभियान
बालाघाट । यातायात पुलिस द्वारा एक नया अभियान प्रारंभ किया गया है। यातायात जागरुकता के इस अभियान के तहत सभी वाहनों के बीमा की जांच की जा रही है। जिन वाहनों में बीमा नहीं पाया जा रहा है, उनके चालकों को वाहन का बीमा करवाने की समझाइश दी जा रही है। यह अभियान 10 दिसंबर तक नियमित रुप से चलेगा। 10 दिसंबर के बाद जिन वाहनों में बीमा नहीं होगा उनसे जुर्माना वसूलने की कार्यवाही की जाएगी।
जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद जिले में यातायात पुलिस ने 26 नवंबर से नया अभियान प्रारंभ किया है। इस अभियान के तहत वाहनों की बीमा की जांच की जा रही है। हालांकि, इसके पूर्व पुलिस ने हेलमेट अनिवार्यता को लेकर भी अभियान प्रारंभ किया था, जिसके तहत दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया था, जिससे चालकों में जागरुकता आई है। अब बीमा को लेकर भी नया अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी अभियान के तहत बुधवार को नगर के आंबेडकर चौक में यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान न केवल वाहनों के बीमा की जांच की गई। बल्कि हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों पर भी कार्यवाही की गई।
यातायात थाना प्रभारी यीना राहंगडाले ने बताया कि यातायात जागरुकता के तहत नया अभियान 26 नवंबर से प्रारंभ किया गया है। यह अभियान 10 दिसंबर तक नियमित रुप से चलेगा। अभियान के दौरान वाहनों का बीमा, हेलमेट अनिवार्यता की जांच की जा रही है। जिन वाहनों का बीमा नहीं पाया जा रहा है, उन्हें समझाइश दी जा रही है। 10 दिसंबर के बाद ऐसे वाहन चालकों से जुर्माना वसूलने की कार्यवाही की जाएगी।
