
इन्दौर । कलेक्टर द्वारा चाइनीज मांझा प्रतिबंधित किए जाने के बावजूद इसका उपयोग किया जा रहा है और ये जानलेवा साबित हो रहा है । ऐसी ही एक घटना में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के बाद कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले छात्र की मौत हो गई। घटना तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक छात्र का नाम गुलशन पिता रामकिशन उम्र सोलह साल निवासी ओमेक्स सिटी है। वह मूलतः ठीकरी अशोक नगर का रहने वाला था तथा यहां उसके पिता रामकिशन जो कि मजदूरी करते के साथ रहते पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की मदद के लिए छोटा-मोटा काम भी करता था। आज रविवार छुट्टी के चलते वह अपने भाई अरुण और दोस्त विशाल व कृष्णा के साथ बाइक से राला मंडल घूमने गया था जब वे वहां से वापस घर लौट रहे थे तभी तेजाजी नगर बायपास के पास रास्ते में अचानक पतंग का मांझा बाइक की दिशा में आया और गुलशन की गर्दन पर फंस गया। इससे उसे गहरा कट लगा। गुलशन के साथ बाइक पर बैठे अरुण, विशाल और कृष्णा ने मांझा पकड़ दूर करने की कोशिश की इससे उनके भी हाथों मे कट लगा लेकिन गुलशन के गले पर हुए गहरे जख्म से खून बहने के चलते उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु एमवाय अस्पताल भिजवा जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
