Spread the love

अशोकनगर। कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इन जब्त की गई मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपए है।
कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई 27 नवंबर को दर्ज एक रिपोर्ट के बाद शुरू हुई। फरियादी मिथुन पिता हरीसिंह अहिरवार निवासी छैलाबाग ने शिकायत की थी कि सरकारी अस्पताल से उनकी बाइक (एमपी 67 एमडी 0260) चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी समीर खां उर्फ टीपू बिलायती (निवासी गणेश मोहल्ला, अशोकनगर), अभिषेक पिता काशीराम अहिरवार (उम्र 20 साल, निवासी रेलवे फाटक के पास पिपरई) और मुस्ताक मेहबूब खान (उम्र 30 साल, निवासी चिकमंगलूर चौराहा पिपरई) को जेबीएस कॉलोनी के पास से पकड़ा। उन्हें चोरी हुई पहली बाइक के साथ ही गिरफ्तार किया गया।
खंडहर में छिपा रखी थी बाइकें:
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अशोकनगर के अलावा चंदेरी क्षेत्र, विदिशा, भोपाल और गुना से 8 अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि ये सभी बाइक विदिशा रोड पर पावरहाउस के पास एक खंडहर में छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सभी चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया गया। बरामद की गई मोटरसाइकिलों में हीरो कंपनी की एचएफ डीलक्स और स्प्लेंडर प्लस मॉडल शामिल हैं, जिनमें कुछ बिना नंबर की और कुछ पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त, एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस अब इन चोरों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में पुलिस विभाग के मनीष गुर्जर, सफायत खान, दिनेश कुशवाह, दिलीप रजक, भागीरथ, गौरव रघुवंशी, अभयराज, निशांत छारी, अवनीश दौहरे, पवन धाकड, विशाल पारदी, पवन बघेल, ब्रजभान यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *