मोतीनगर पुलिस की तत्परता से 10.40 लाख नगद व मोटरसाइकिल बरामद

सागर। थाना मोतीनगर क्षेत्र मोलाली पुल, खुरई रोड, सागर पर एक व्यक्ति के साथ अज्ञात बदमाशों द्वारा आंखों में मिर्ची डालकर मारपीट करते हुए 14 लाख रुपये नगद की लूट की गई है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए फरियादी पंकज केसरवानी पिता स्व. ब्रजभूषण केसरवानी, उम्र 53 वर्ष, निवासी जवाहरगंज वार्ड, थाना कोतवाली, जिला सागर की रिपोर्ट पर 03 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। उसी दिन तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जप्त किया गया तथा फरियादी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध भूपेन्द्र पिता स्व. भवानी सिंह राजपूत, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बम्होरी रेंगुवा, सागर को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने साथियों धर्मेन्द्र ठाकुर एवं कुलदीप दांगी के साथ मिलकर लूट की घटना कारित करना स्वीकार करने पर भूपेन्द्र राजपूत को विधिवत गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश-पतारसी की गई। टीम द्वारा दिल्ली, नेपाल सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने शेष फरार आरोपियों— धर्मेन्द्र पिता वीरसिंह ठाकुर, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सेमरा कला सिहोरा, थाना राहतगढ़, जिला सागर कुलदीप पिता राजेन्द्र सिंह दांगी, उम्र 23 वर्ष, निवासी पिपरिया बिलहरा, थाना सुरखी, जिला सागर को अब सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूट की गई राशि में से 10,40,000/- (दस लाख चालीस हजार रुपये) एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कीमती 150000 सहित कुल 1190000 कुल मशरूका जप्त किया गया सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से पुलिस रिमाण्ड प्राप्त कर आगे की पूछताछ जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपीगण अपराधिक प्रवृत्ति के शातिर बदमाश हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं।
