Spread the love

कर्नाटक से दुबई तक फैला कारोबार, नेटवर्थ 9 हजार करोड़, प्राइवेट जेट के थे मालिक
बेंगलुरु। कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने सेंट्रल बेंगलुरु में रिचमंड सर्कल के पास कंपनी के ऑफिस में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3.15 बजे हुई। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से इनकम टैक्स विभाग की तलाशी चल रही थी। रॉय की सुसाइड के बाद आयकर अधिकारी रेड की प्रोसेस बीच में ही छोड़कर वहां से चले गए। वहीं लोगों का कहना है कि आयकर टीम द्वारा रेड के दौरान की गई बेइज्जती को रॉय बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने यह कदम उठाया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रॉय की नेटवर्थ 9 हजार करोड़ रुपए थी। उनके पास प्राइवेट जेट और 200 से ज्यादा लग्जरी कारें थीं। इनमें से 12 रोल्स रॉयस भी शामिल हैं। मूलरूप से केरल के रहने वाले रॉय का कारोबार कर्नाटक और दुबई में फैला था। कॉन्फिडेंट ग्रुप केरल और कर्नाटक का रियल एस्टेट डेवलपर है।

पुलिस जांच के तौर पर आईटी विभाग से जरूरी जानकारी जुटाएगी

पुलिस ने बताया कि मौके पर कोई आईटी अफसर मौजूद नहीं था। बेंगलुरु पुलिस जांच के तौर पर आईटी विभाग से जरूरी जानकारी जुटाएगी। उधर, रॉय की पत्नी और बेटा शनिवार को बेंगलुरु के बॉवरिंग अस्पताल में पोस्टमॉर्टम सेंटर पहुंचे।
पुलिस कानूनी आधार पर इस मामले को देख रही है कि इसे अप्राकृतिक मौत के तौर पर दर्ज किया जाए या आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं लगाई जाएं। कमिश्नर ने पुष्टि की कि कॉन्फिडेंट ग्रुप के डायरेक्टर ने पहले ही शिकायत दर्ज करा दी है। ऑफिस कैम्पस से सबूत जुटाए जा रहे हैं। रिकॉर्ड और बयानों की जांच के बाद और मामला साफ होने की उम्मीद है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय की मौत की हाई-लेवल जांच की जाएगी।
केरल आयकर की टीम तीन दिन से सीजे रॉय के दफ्तर में कार्रवाई कर रही थी। रोज उनसे पूछताछ की जा रही थी। रॉय के बड़े भाई ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी के दबाव की वजह से उन्होंने सुसाइड किया है। आयकर अफसरों को जवाब देना होगा कि ऐसा क्या हुआ कि उनके भाई ने यह कदम उठाया। रॉय के भाई के मुताबिक उन पर कोई कर्ज नहीं था। केरल से आयकर टीम पहली बार 3 दिसंबर 2025 को आई थी और कुछ दिन बेंगलुरु में रुकी थी। इसके बाद वह 28 जनवरी को आई और सीजे रॉय को दुबई से बुलाया गया। रॉय के ​परिवार में पत्नी लिनी रॉय, बेटा रोहित और एक बेटी रिया हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *