Spread the love

गौ-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान के मुख्य कार्यक्रम
लखनऊ। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के 11 मार्च को प्रस्तावित गौ-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान के मुख्य कार्यक्रम को अनुमति मिल गई है। सोमवार देर रात पुलिस और एलडीए स्मारक समिति की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। अनुमति के साथ आयोजकों को कुल 26 शर्तें दी गई हैं, जिनका पालन अनिवार्य होगा। इन शर्तों का उल्लंघन होने पर अनुमति स्वतः रद्द मानी जाएगी। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आशियाना, पीजीआई और कृष्णानगर थाने की फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा है और आयोजन स्थल पर भी भारी सुरक्षा बल तैनात रहेगा। आयोजकों की ओर से तीन दिन के कार्यक्रम के लिए लगभग 4.50 लाख रुपए शुल्क स्मारक समिति को जमा किया गया था।
मुख्य शर्तों में शामिल हैं: धर्म, जाति, संप्रदाय और भाषा के खिलाफ भड़काऊ भाषण प्रतिबंधित। राजनीतिक या धार्मिक व्यक्तियों पर अमर्यादित भाषा नहीं होगी। नाबालिगों से विवादित नारे नहीं लगवाए जाएंगे। सीमित वाहनों का प्रवेश, यातायात बाधित नहीं होगा। ध्वजदंड के अलावा घातक वस्तु नहीं लाई जा सकेगी। मांगों का ज्ञापन केवल सक्षम अधिकारी को सौंपा जाएगा। किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। पुलिस बल का भुगतान आयोजक करेगा। ध्वनि प्रदूषण सीमा 75 डेसीबल से अधिक नहीं होगी। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि प्रसारण बंद रहेगा। आतिशबाजी, हथियार व हर्ष फायरिंग पूर्णतः प्रतिबंधित। कोविड-19 गाइडलाइन का पालन अनिवार्य। जुलूस या शोभायात्रा की अनुमति नहीं होगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल, पासी किला चौराहा पर दोपहर 2:15 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान अविमुक्तेश्वरानंद “गो-प्रविष्ठा धर्मयुद्ध” का औपचारिक शंखनाद करने और समर्थकों को संबोधित करने वाले है। संत समाज, विभिन्न संगठनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इस समय काशी से लखनऊ तक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान वे जौनपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, मोहनलालगंज, उन्नाव और नैमिषारण्य जैसे स्थानों पर सभाएं होनी है। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा गौ-रक्षा जनजागरण अभियान का हिस्सा है, और लखनऊ में 11 मार्च का कार्यक्रम इसका मुख्य आकर्षण होगा। इस तरह, सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और आयोजन समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। 26 शर्तों का पालन अनिवार्य है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *