
इसी हफ्ते वन भवन में शीर्ष पदों पर फेरबदल के संकेत
भोपाल। 1991 बैच के आईएफएस शुभ रंजन सेन के वनबल प्रमुख बनने के बाद वन भवन में शीर्ष स्तर पर फेरबदल के संकेत मिले हैं। 1989 बैच एवं एमडी वन विकास निगम एचयू खान को प्रतिनियुक्ति पर ही एमडी लघु वनोपज संघ और 1990 बैच के पीसीसीएफ अनुसंधान एवं विस्तार विभाष कुमार ठाकुर को प्रतिनियुक्ति पर एमडी वन विकास निगम बनाए जाने की संभावना है। ऐसे में बीएस अन्नागिरी और समिता राजौरा में से किसी एक पीसीसीएफ वन्य प्राणी बनाया जा सकता है। दोनों ही आईएफएस अपने-अपने रसूख का इस्तेमाल करने में लगे हैं।
वर्तमान में समिता राजौरा प्रतिनियुक्ति पर एमडी लघु वनोपज संघ के पद पर पदस्थ हैं। यह पद डेपुटेशन का है, इसलिए यहां वन बल प्रमुख सेन से वरिष्ठता क्रम में ऊपर 1989 बैच के आईएफएस एचयू खान को पदस्थ करने पर मंत्रालय में मंथन चल रहा है। ऐसे में खबर है कि समिता राजौरा को पीसीसीएफ वन्य प्राणी अथवा पीसीसीएफ संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण शाखा में पदस्थ करने पर मंथन किया जा रहा है। वर्तमान में जंगलों में बढ़ते अपराध, अतिक्रमण और वन माफिया से निपटने के लिए राजौरा जैसे दबंग अफसर की आवश्यकता महसूस की जा रही है। अभी संरक्षण शाखा में कोई भी पीसीसीएफ अफसर पदस्थ नहीं है। हालांकि राजौरा वन्य प्राणी की कमान संभालना चाहती है। इसके लिए अपने प्रशानिक अप्रोच का उपयोग कर रहीं हैं।
वन्य प्राणी क्षेत्र में अनुभव रखते है अन्नागिरी
पीसीसीएफ वन्य प्राणी के पद पर सॉफ्ट स्पोकन एवं वन्य प्राणी एक्सपर्ट बीएस अन्नागिरी को पदस्थ किए जाने की चर्चा है। यही नहीं वन बल प्रमुख शुभ रंजन सेन सहित वन भवन के शीर्ष अधिकारियों का मत है कि अन्नागिरी को ही वन्य प्राणी की कमान सौंपी जाय। अन्नागिरी डायरेक्टर बांधवगढ़ रह चुके है। आईएफएस अफसरों की बड़ी लॉबी भी पीसीसीएफ अन्नागिरी को वन्य प्राणी शाखा में पदस्थ होते देखना चाहते हैं। दिल्ली की पॉवरफुल लॉबी भी अन्नागिरी के समर्थन में हैं। यहां यह बात भी उल्लेखनीय है कि सेन और अन्नागिरी के बीच ट्यूनिंग और बॉन्डिंग दोनों ही बहुत अच्छी है।
लंबे अरसे बाद अर्चना शुक्ला निगम से बाहर होंगी
वन विकास निगम में पदस्थ एएमडी अर्चना शुक्ला लंबे अरसे बाद वन विभाग की मुख्य धारा में जुड़ेंगी। राज्य शासन ने पिछले महीने ही अर्चना शुक्ला को पीसीसीएफ के पद पर प्रमोट किया है। चूंकि एमडी वन विकास निगम का पद पीसीसीएफ स्तर के आईएफएस का है। निगम एमडी का पद डेपुटेशन की होने की वजह से वन बल प्रमुख सेन से वरिष्ठ पीसीसीएफ अनुसंधान एवं विस्तार विभाष ठाकुर की पदस्थापना होने की संभावना है। ऐसी स्थिति में पीसीसीएफ अर्चना शुक्ला को अनुसंधान एवं विस्तार शाखा में पदस्थ किया जा सकता है।
