
अजीब और गोलमोल जवाब देकर जांच एजेंसियों को उलझा रहा, पत्नी है फरार
नासिक। नासिक का फर्जी बाबा अशोक खरात मामले अब और गहराता जा रहा है, जिस शख्स पर लोगों को धोखा देने, दुष्कर्म और करोड़ों की ठगी के आरोप हैं, अब उसकी संपत्तियों पर ईडी की छापेमारी ने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है। 11 जगहों पर एक साथ छापेमारी ने साफ कर दिया है कि मामला सिर्फ बाबा तक सीमित नहीं है, इसके पीछे बड़ा नेटवर्क हो सकता है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूछताछ में बाबा अशोक खरात बार-बार अजीब और गोलमोल जवाब देकर जांच एजेंसियों को उलझा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वह सच्चाई छिपा रहा है या सच में उसके सीने में बड़ा राज दफन है?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईडी की इस कार्रवाई ने मामले को सिर्फ आपराधिक ही नहीं, बल्कि आर्थिक अपराध के दायरे में ला दिया है। बाबा खरात के घर, ऑफिस, फार्महाउस और मंदिर तक पर छापा मारा गया है जिससे पता चलता है कि जांच एजेंसियां हर पहलू को खंगाल रही हैं। इस बीच उसकी फरार पत्नी कल्पना खरात का रहस्य भी मामले को उलझा रहा है। पुलिस पिछले कई दिनों से उनकी तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। खुद बाबा अशोक खरात का यह कहना कि ‘मेरी पत्नी कहां है, यह सिर्फ भगवान जानते हैं’ जांच को और पेचीदा बना देता है।
ईडी ने नासिक में बाबा खरात से जुड़े 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इनमें उसका घर, ऑफिस, फार्महाउस और ईशान्यश्वर मंदिर जैसी संपत्तियां शामिल हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इन ठिकानों से कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिल सकते हैं। यह छापेमारी इस बात का संकेत है कि मामला अब बड़े आर्थिक घोटाले की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। पूछताछ में बाबा अशोक खरात का रवैया जांच एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है।
इस बीच पुलिस और एसआईटी बाबा की पत्नी कल्पना खरात की तलाश कर रही हैं। उसके खिलाफ नोटिस जारी किया है ताकि वे देश छोड़कर भाग न सकें। कल्पना ने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिली है। जांच एजेंसियां मान रही हैं कि उसकी गिरफ्तारी से मामले में कई अहम कड़ियां जुड़ सकती हैं। बाबा अशोक खरात को सोमवार को नासिक की कोर्ट में पेश किया क्योंकि उसकी पुलिस हिरासत खत्म हो रही है। एसआईटी इस मामले में उसे एक और केस में हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है। अब तक हुई जांच और बरामद सबूतों की पूरी जानकारी अदालत को दी जाएगी। संभावना है कि आगे की जांच में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं और मामले की दिशा बदल सकती है।
