Spread the love

गुना । जिले में जनगणना की तैयारियां शुरू होते ही एक अजीबो-गरीब मामला सामने आ गया, जिसने लोगों के बीच हंसी और चर्चा दोनों पैदा कर दी। नगरपालिका द्वारा जारी गणनाकारों की सूची में एक कर्मचारी का नाम “गर्लफ्रेंड पंत” दर्ज हो गया। आदेश सामने आते ही यह नाम सोशल मीडिया और दफ्तरों में चर्चा का विषय बन गया। दरअसल, जनगणना के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न विभागों से कर्मचारियों का चयन किया गया है। गुना नगरपालिका ने भी अपने 36 कर्मचारियों को गणनाकार और 6 कर्मचारियों को सुपरवाइजर के रूप में नियुक्त किया है। इन सभी को 17, 18 और 19 अप्रैल को गांधी वोकेशनल कॉलेज में ट्रेनिंग दी जानी है।
इसी सूची में पांचवें क्रम पर दर्ज नाम ने सभी का ध्यान खींच लिया। यहां कर्मचारी के नाम की जगह “गर्लफ्रेंड पंत” लिखा हुआ था, जबकि उसकी यूजर आईडी भी “girlfriend” से जुड़ी हुई दिखाई दी। जैसे ही यह आदेश लोगों तक पहुंचा, हर कोई हैरान रह गया कि आखिर यह नाम सूची में कैसे आ गया। जब सूची में दिए गए मोबाइल नंबर की जांच की गई, तो संबंधित कर्मचारी का नाम “प्रेमिका पंत” सामने आया। इससे साफ हुआ कि दस्तावेज तैयार करते समय टाइपिंग में गलती हो गई थी, जो अब चर्चा का कारण बन गई है। हालांकि नगरपालिका अधिकारियों का कहना है कि यह केवल मानवीय त्रुटि है और जल्द ही इसे सुधार लिया जाएगा। लेकिन इस छोटी सी गलती ने जनगणना जैसे गंभीर काम के बीच हल्का-फुल्का हास्य जरूर पैदा कर दिया है। वहीं, शहर में लोग इसे लेकर तरह-तरह के मजाक करते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *