छिंदवाड़ा निवासी छात्रा को ब्लैकमेलिंग करते धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव…… आरोपी गिरफ्तार

इन्दौर। दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप में मूलतः छिंदवाड़ा निवासी 19 वर्षीय छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने राहुल उर्फ अब्दुल अजीज पठान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला खजराना थाना क्षेत्र का है। पुलिस को कनाडिया क्षेत्र में किराए से कमरा लेकर निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही छिंदवाड़ा निवासी छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात स्कीम नंबर 78 इलाके में आरोपी से हुई तब उसने अपना नाम राहुल बताया और पहचान के बाद बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी जिसके बाद उसने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद जून 2025 में आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां उसके माता-पिता मौजूद नहीं थे। इसी दौरान उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी ने अपना असली नाम अब्दुल अजीज पठान बताया और कहा कि शादी के लिए उसे धर्म परिवर्तन करना होगा। पीड़िता छात्रा ने अपनी शिकायत में कहा कि जब उसने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो अब्दुल ने उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद वह लगातार उसे ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण करने लगा। परेशान होकर छात्रा इंदौर छोड़कर वापस छिंदवाड़ा अपने घर गई और वहां परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ कल रात इंदौर पहुंची और खजराना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने अपनी शिकायत में अब्दुल के खिलाफ जबरन बुर्का पहनाने, एमडी ड्रग का नशा कराने, प्रेग्नेंसी टेस्ट कराने और गर्भपात की दवाइयां देने के साथ धार्मिक स्थल पर ले जाकर जबरन कलमा पढ़वाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने इनसे जुड़े कुछ फोटो और सबूत भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने फिलहाल दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों में केस दर्ज कर आरोपी अब्दुल अजीज पठान को हिरासत में ले लिया है। जांच के बाद सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे कार्रवाई की जाएगी।
