सीएमओ के नाम पर 60 हजार रुपए की मांग की थी

शिवपुरी । लोकायुक्त टीम ने नगर पालिका में पदस्थ स्थापना बाबू भगवान लाल करोलिया को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बहाली के नाम पर मांगी गई रिश्वत की शिकायत नगर पालिका के निलंबित एआरआई हरिभल्लभ चंदौरिया ने लोकायुक्त ग्वालियर में दर्ज कराई थी, जिसके बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता हरिभल्लभ चंदौरिया ने बताया कि वह नगर पालिका शिवपुरी में एआरआई के पद पर पदस्थ थे। 14 नवंबर 2025 को सीएमओ इशांक धाकड़ ने बिना नोटिस दिए उन्हें निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद तीन महीने तक बहाली के नाम पर नगर पालिका के अलग-अलग बाबुओं द्वारा उनसे रिश्वत मांगी जाती रही। इस संबंध में उन्होंने संचनालय में भी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और उल्टा उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी कर दिए गए।
चंदौरिया के अनुसार, 16 अप्रैल को स्थापना बाबू भगवान लाल करोलिया ने सीएमओ के नाम पर 60 हजार रुपए की मांग की थी। उसी दिन 20 हजार रुपए देकर बात तय की गई और इसकी शिकायत लोकायुक्त देकर बात तय की गई और इसकी शिकायत लोकायुक्त में दर्ज करा दी गई। शनिवार को जब उन्होंने करोलिया को उनके घर के आंगन में बाकी 40 हजार रुपए दिए, तभी लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
