Spread the love

पुलिस कमिश्नर ने संभाली कमान; नियमों का पालन करने वालों की थपथपाई पीठ, लापरवाही बरतने वालों को दी सुरक्षा की सीख
इंदौर। शहर में सड़क सुरक्षा और सुरक्षित सफर को बढ़ावा देने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाया जा रहा सड़क सुरक्षा जनजागरुकता अभियान निरंतर जारी है। आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह व पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में लगातार जमीनी प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के व्यस्ततम पलासिया चौराहे पर इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा 32वां ‘हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें’ वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के दौरान खुद पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह और उपायुक्त राजेश कुमार त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सड़क पर उतरे और वाहन चालकों से सीधा संवाद किया।
:: लापरवाही पर चालान, फिर सुरक्षा के लिए मिला हेलमेट ::
अभियान के दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने ऐसे युवा, बुजुर्ग और जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान किए, जिनके पास गाड़ी के रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस सहित सभी दस्तावेज पूर्ण थे, लेकिन वे हेलमेट लगाना भूल गए थे। वहीं, नियमों का मखौल उड़ाने वाले चालकों के खिलाफ पहले चालानी कार्रवाई की गई, जिसके बाद उन्हें जीवन और सुरक्षा का महत्व समझाते हुए हेलमेट प्रदाय किया गया।
:: नियमों का पालन करने वाले जागरूक चालकों को मिले उपहार ::
ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें प्रोत्साहन को भी जगह दी गई। पलासिया चौराहे से गुजरने वाले ऐसे जिम्मेदार दोपहिया वाहन चालक जो स्वेच्छा से हेलमेट लगाकर चल रहे थे, पुलिस अधिकारियों ने उनकी खुले दिल से प्रशंसा की। समाज में एक अच्छा संदेश देने के लिए इन जागरूक नागरिकों को सम्मान स्वरूप विशेष उपहार भी भेंट किए गए।
:: 32 आयोजनों में अब तक बांटे 4370 से ज्यादा हेलमेट ::
इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क हादसों की गंभीरता को कम करने और लोगों को सिर की चोट से बचाने के लिए यह अनूठी मुहिम चलाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक आयोजित किए गए कुल 32 कार्यक्रमों के माध्यम से शहर में 4370 से अधिक हेलमेट का निशुल्क वितरण किया जा चुका है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि हर नागरिक को सुरक्षित उनके घर तक पहुँचाना है, जिसके लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *