Spread the love

इन्दौर। एक मर्मस्पर्शी दर्दनाक घटना में चार साल की मासूम बच्ची की मौत कार में दम घुटने से हों गई। वह अपने दादा-दादी और अन्य बच्चों के साथ कार से वर्कशॉप गई थी। वहां से लौटते समय वह कार में ही सो गई थी। घर पहुंचने पर सभी लोग कार से उतर गए, लेकिन बच्ची कार में ही सोती रह गई। जब काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने उनको ढूंढ़ना शुरू किया तो वह कार में बेसुध हालत में मिली तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना जूनी इंदौर थाना क्षेत्र की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भिजवा दिया है। आशंका दम घुटने से मौत की जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता के अनुसार घटना रविवार दोपहर को नंदवन कॉलोनी में हुई। यहां रहने वाले हसन नूर की चार साल के बेटी हाजरा की मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां से पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि हाजरा कार मे करीब 12 बजे से सोई थी और उन्होंने उसे 3 बजे देखा तो बच्ची बेहोश जैसी हालत में मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार हाजरा दादा-दादी और दूसरे दो तीन बच्चों के साथ कार में वर्कशॉप गई थी। वहां से लौटने पर सभी कार से उतर गए थे, मगर हाजरा कार में ही सो गई थी। परिजनों का कहना है कि हाजरा की आदत थी की वह कहीं भी सो जाती थी। जिसके चलते कार से उतरने के दौरान किसी का ध्यान उसकी ओर नहीं गया कि वह कार से नहीं उतरी है। दिखाई नहीं देने पर जब काफी देर बाद उसको ढूंढ़ना शुरू किया तो वह कार में बेसुध हालत में मिली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *