Spread the love

:: 74 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद, कनाडिया थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा ::
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब की गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कनाडिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ट्रक और स्कार्पियो कार से अवैध रूप से परिवहन की जा रही बीयर की 340 पेटियां जब्त की हैं। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कुल 4080 लीटर अवैध बीयर और वाहन सहित करीब 74 लाख 24 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त (जोन-2) अमन सिंह राठौड़, अति. पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त (खजराना) कुंदन सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में कनाडिया पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
:: अलीराजपुर और इंदौर के हैं आरोपी ::
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र से अवैध शराब की एक बड़ी खेप परिवहन होने वाली है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कनाडिया क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहनों से अवैध बीयर की पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में रवि बाहेड़िया (22) निवासी आम्बुआ (अलीराजपुर), जगदीश चौहान (25) निवासी राडावाट (अलीराजपुर), राहुल गोद (36) निवासी कुमार खाड़ी बाणगंगा (इंदौर) और धर्मेंद्र पीटनारायण अखाड़े (27) निवासी नानपुर (अलीराजपुर) शामिल हैं। पुलिस अब इस अवैध शराब नेटवर्क के मुख्य सरगना और इस धंधे से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
:: इस टीम की रही सराहनीय भूमिका ::
इस पूरी प्रभावी कार्रवाई में कनाडिया थाना प्रभारी डॉ. सहर्ष यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दीपक पलिया, प्रधान आरक्षक शिवकुमार यादव, प्रधान आरक्षक रवींद्र सिंह रघुवंशी, आरक्षक जगदीश दांगी, मंगेश, आशीष और विजय यादव की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *