Spread the love

मथुरा। उत्तरप्रदेश के मथुरा में धर्म और अध्यात्म की आड़ में महिलाओं के कथित शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने ओडिशा निवासी 29 वर्षीय अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार किया है, जो खुद को “आदिकर्ता नारायण दास” नाम से धार्मिक गुरु और कथावाचक के रूप में दिखाता था। उस पर महिलाओं को अपने प्रभाव में लेकर उनका यौन शोषण करने, आपत्तिजनक सामग्री के जरिए ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मिश्रा ने आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। इसके बाद आरोपी ने मथुरा के राधाकुंज क्षेत्र में रहकर धार्मिक प्रवचन देना शुरू। आरोपी सोशल मीडिया और “राधा कृपा अमृत” नामक यूट्यूब चैनल के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच बनाई और खुद को आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रूप में स्थापित किया। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए युवतियों से संपर्क करता था। पुलिस का आरोप है कि वह धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रभाव में लेकर परिवार से दूरी बनाने के लिए प्रेरित करता और फिर अपने साथ रहने के लिए तैयार कर लेता था। बताया जा रहा है कि उसके ठिकाने पर एक समय कई युवक और युवतियां साथ रह रहे थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों से कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने का दावा किया गया है। पुलिस इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पर महिलाओं का विश्वास जीतकर उनका शोषण करने और बाद में कथित रूप से उन्हें धमकाने के आरोप हैं। पुलिस जांच कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग प्रभावित हुए हो सकते हैं। आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर अन्य पीड़ित भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्वयंभू धार्मिक या आध्यात्मिक व्यक्ति पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *