
बीजेपी के बोरिया बिस्तर वाले बयान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की ओर से दिए गए बयान पर राजनीति गरमा गई है। अजय राय ने महोबा में खुले मंच से पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक कॉमेंट कर दिए। इसके बाद वह इसपर मिट्टी डालने के बजाय हवा देने में जुटे हैं। जवाब में बीजेपी ने भी उनपर ताबड़तोड़ हमले किए। एक तरफ अजय राय का पीएम मोदी पर दिए गए बयान के बाद बीजेपी का दावा है कि वाराणसी और पूरे पूर्वांचल से अब कांग्रेस का बोरिया बिस्तर बंधने का इंतजाम हो गया है। वहीं इसके जवाब में अजय ने दावा किया है कि आगामी चुनाव में कांग्रेस सभी आठ सीटें जीतेगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी की ओर से पलटवार किए जाने के बाद अजय राय भी पीछे हटने के बजाय कहा कि चाहे मेरा एनकाउंटर करवा दें या मेरे परिवार की हत्या, मेरा घर गिरवा दें, कितना भी प्रताड़ित कर ले कोई, लेकिन मैं भगोड़ा नहीं हूं और भागने वाला भी नहीं हूं। मैं महादेव का सच्चा भक्त हूं, मेरा सिर्फ इतना कहना है कि प्रदेश के अलग-अलग जगह पर जो पीड़ित लोग हैं उनको न्याय कब मिलेगा, यह मेरा सवाल सरकार से है।
इतना ही नहीं, बीजेपी की और से बयान देने वाले नेताओं के बारे में अजय राय ने कहा कि ‘मैं पांच बार विधायक रहा हूं और जब बीजेपी से विधायक और मंत्री रहा तब यही नेता हमारे आगे पीछे चलते रहे और उस समय मैं माफिया नहीं था, लेकिन आज जब मैं कांग्रेस की तरफ से आम जनता की आवाज उठा रहा हूं तो यह मुझे माफिया बताते हैं, जबकि हकीकत तो यह है कि बीजेपी सरकार गुंडे माफिया को संरक्षण दे रही है।
अजय राय की ओर से पीएम मोदी पर दिए गए बयान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी आपत्ति जताई है। सीएम ने लिखा ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देश वासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं है।
वहीं पिंडरा से बीजेपी विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि अजय राय ने पीएम मोदी पर अभद्र कॉमेंट कर गाजीपुर और उसके आसपास पूरे पर्वांचल से कांग्रेस को उखाड़ने का खुद ही इंतजाम कर लिया है। पिंडरा विधायक के बयान पर अजय राय ने कहा कि ‘मैं डंके की चोट पर कहता हूं आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ना केवल पिंडरा बल्कि वाराणसी की सभी आठ सीटें कांग्रेस जीतेगी।
