Spread the love

ब्यूटी पार्लर से 10 मिनट में लौटने की बात कहकर चली गई उसके बाद नहीं लौटी
जबलपुर। जिले में शादी के महज तीन दिन बाद नवविवाहिता के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर पहनकर घर से निकली थी और उसके बाद नहीं लौटी। शिकायत मिलने पर गोसलपुर और बरेला थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
गोसलपुर निवासी गौतम यादव ने पुलिस को बताया कि परिवार की सहमति से बरेला क्षेत्र निवासी चौहानी यादव से उनका विवाह तय हुआ था। 21 जून को बारात बरेला गई और 22 जून को विदाई के बाद दुल्हन ससुराल आ गई। अगले दिन पत्नी ने अपनी मौसी के विवाह समारोह में जाने की इच्छा जताई, जिस पर दोनों बुढ़ागर पहुंचे। वहां से उसने बंजारी माता मंदिर में दर्शन करने की बात कही और बाजार की ओर निकल गए।
स्टूडियो में इंतजार करवाया, फिर नहीं लौटी……
गौतम के अनुसार बाजार पहुंचने पर पत्नी ने पहले शादी की तस्वीरें स्टूडियो से लेने की बात कही। स्टूडियो पहुंचने के बाद उसने पति से वहीं रुकने को कहा और पास के ब्यूटी पार्लर से 10 मिनट में लौटने की बात कहकर चली गई। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो गौतम ने आसपास तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और ससुराल पक्ष से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पति ने बताया कि विवाह में पत्नी को करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर दिए गए थे, जिनमें मंगलसूत्र, कंगन, पायल, बिछिया, करधनी समेत अन्य आभूषण शामिल थे। उनका आरोप है कि महिला सभी जेवर पहनकर घर से निकली थी। उन्होंने बताया कि दोनों परिवारों का परिचय उनकी बुआ के माध्यम से हुआ था। करीब दो माह पहले दोनों परिवारों की मुलाकात हुई, लड़का-लड़की की सहमति के बाद जून में विवाह संपन्न हुआ।
पुलिस दोनों थानों के समन्वय से कर रही जांच…….
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि गौतम यादव की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। शिकायत के अनुसार महिला 24 जून से लापता है। मामले में गोसलपुर थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *