5 आरोपी गिरफ्तार, 2 की तलाश जारी

गुना। युवक-युवती के साथ लूट और युवती से सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का गुना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल सात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन, पर्स सहित अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है।पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 31 जुलाई की रात झारखंड निवासी युवक और युवती हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन कर एनएफएल विजयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान धरनावदा थाना क्षेत्र में गंदेर गांव के पहले रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने बाइक का पहिया पंक्चर होने का झांसा देकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों को जबरन सड़क किनारे घने जंगल में ले जाया गया। वहां आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और युवक-युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल, पर्स तथा अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया।
इसी बीच एक राहगीर ने घटना की सूचना डायल-112 को दे दी। पुलिस वाहन की आहट मिलते ही आरोपी युवती को छोड़कर जंगल से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए धरनावदा थाने में तत्काल बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने स्वयं मोर्चा संभाला। एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। जिले की कई पुलिस टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। हाईवे, पेट्रोल पंपों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार फील्ड ऑपरेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बबलू बंजारा, छोटू बंजारा, सरदार उर्फ करम सिंह बंजारा, महेन्द्र बंजारा और दिनेश बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार वारदात में कुल सात आरोपी शामिल थे, जिनमें से दो अभी फरार हैं और उनकी तलाश लगातार जारी है।पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और टीमवर्क के चलते इतनी कम अवधि में मामले का खुलासा संभव हो सका।।
