
सिर और गाल में आई गंभीर चोंट, एफआईआर दर्ज
भोपाल। शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में टीवी देख रही पत्नी से रिमोट लेकर अपनी पंसद का प्रोग्राम देखने के लिये टीवी का चैनल बदलना पति की जान पर बन आया। चैनल बदलने से बुरी तरह भड़की पत्नी ने घर में रखा हंसिया उठाकर पति पर घातक वार कर दिया। पत्नि के हमले में पति के सिर और गाल के पास गंभीर चोट आई है। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से विदिशा जिले का रहने वाला राकेश अहिरवार (32) वर्तमान में भोपाल की नगर निगम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हुए मेहनत-मजदूरी का काम करता हैं। उसके परिवार में पत्नि सहित दो बच्चे हैं। अपनी शिकायत में उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी राममनी अहिरवार आए दिन छोटी-छोटी पारिवारिक बातों को लेकर उससे विवाद करती रहती है। राकेश को शराब पीने का शौक है, और शुक्रवार को वह शराब पीकर घर पहुंचा था। उस समय उसकी पत्नी राममनी टीवी देख रही थी। इसी बीच राकेश ने रिमोट उठाकर दूसरा प्रोग्राम देखने के लिये टीवी का चैनल बदल दिया। इसी बात को लेकर पत्नी आक्रोशित हो गई और एक बार फिर विवाद करने पर उतारु हो गई। राकेश ने उसे समझाइश देना चाही लेकिन पत्नि लगातार झगड़ा करती रही, आखिरकार दोनो के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्साई राममनी ने घर में रखा हंसिया उठाकर पति राकेश पर वार कर दिया। हंसिए का वार राकेश के सिर और गाल के पास लगने से उसके खून निकल आया। शोर की आवाजे सुनकर आसपास के लोग वहॉ पहुंचे और जैसे-तैस राममनी को काबू कर दोनो को संभाला और घायल राकेश को इलाज के लिये अस्पताल लेकर पहुचें। इसके बाद घटना की सूचना मिलने पर पहुचीं थाना पुलिस ने घायल के बयानो के आधार पर उसकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी पत्नि की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
