Spread the love

भोपाल। प्रदेश की बुधनी और विजयपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। बुधनी सीट से पूर्व सांसद 71 वर्षीय रमाकांत भार्गव को प्रत्याशी बनाया है। जबकि विजयपुर सीट से वन मंत्री रामनिवास रावत को टिकट दिया गया है। दोनों सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होगा। 23 तारीख को नतीजे आएंगे।
रमाकांत भार्गव विदिशा संसदीय सीट से सांसद थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में उनका टिकट काटकर सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से चुनाव लड़ाया गया था। भार्गव शिवराज सिंह चौहान के करीबी भी माने जाते हैं। वे बुधनी में शिवराज सिंह चौहान के चुनावों में संचालक की भूमिका में रहे है इसके साथ ही मार्कफेड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बुधनी से शिवराज के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय भी उम्मीदवार की दौड़ में शामिल थे।
विजयपुर सीट पर भाजपा के टिकट पर मंत्री रामनिवास रावत का चुनाव लडऩा तय माना जा रहा था। 2023 के विधानसभा चुनाव में रावत कांग्रेस के टिकट पर विजयपुर सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव के दौरान वे भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके इस्तीफा देने के कारण ही विजयपुर सीट खाली हुई थी। बाद में उन्हें सरकार में मंत्री बनाया गया। लिहाजा ये तय माना जा रहा था कि रामनिवास रावत ही भाजपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ेंगे। इसी तरह बुधनी से रमाकांत भार्गव का टिकट भी तय माना जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *