राहुल गांधी आज प्रयागराज मे छात्रों से करेंगे संवाद

प्रयागराज। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कांग्रेस के अनुसार इस कार्यक्रम में पेपर लीक, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम को लेकर चल रहा विवाद भी अब समाप्त हो गया है, क्योंकि केपी ट्रस्ट ने दोबारा आयोजन की अनुमति दे दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि 8 अगस्त की शाम 5 बजे केपी ग्राउंड में राहुल गांधी का छात्र संवाद कार्यक्रम निर्धारित समय पर आयोजित होगा। अनुमति मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
क्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेंगे, जहां केपी कॉलेज मैदान में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में प्रयागराज के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्रों के शामिल होने की संभावना है।
