लोकायुक्त टीम ने भिंड जिले में की कार्यवाही …………नामांतरण के लिए मांगी थी 30 हजार की घूस

भिंड। लोकायुक्त टीम ने मध्यप्रदेश के भिंड जिले में ट्रेप कार्यवाही करते हुए एक ऐसे घूसखोर पटवारी को दबोचा है, जिसने फरियादी किसान के खेत के नामांतरण के एवज में रिश्वत की डिमांड की थी। जानकारी के अनुसार आरोपी पटवारी संजय बघेल मेहगांव के सिमार हल्का में पदस्थ है। उसके खिलाफ फरियादी राघवेंद्र बघेल पिता भैरव सिंह बघेल (30), निवासी ग्राम सरसेड तहसील मेहगांव ने एसपी लोकायुक्त ग्वालियर को बीती 21 अगस्त को लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया की उसकी पत्नी आरती बघेल के नाम पर खेत के नामांतरण कराने के एवज में पटवारी संजय बघेल द्वारा 10 हजार की रिश्वत की मांग की जा रही है। रकम न देने पर पटवारी नामांतरण कार्यवाही करने से इंकार कर रहा है। शिकायती आवेदन की शुरुआती जॉच में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथो पकड़ने के लिये योजना तैयार की। प्लान के मुताबिक रिश्वत की रकम तय करने और पैसा देने के लिये फरियादी की पटवारी से बातचीत कराई गई। आरोपी ने गुरुवार 27 अगस्त को किसान को 5 हजार रुपये लेकर अपने घर के पास स्थित सुरुचि ऑनलाइन आने को कहा। वहॉ पहुंचे फरियादी से जैसे ही आरोपी पटवारी संजय बघेल ने रिश्वत की 5 हजार की रकम अपने कब्जे में ली तभी वहॉ पहले से घात लगाकर बैठी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आगे की कार्यवाही मेहगांव सर्किट हाउस में की गई। लोकायुक्त पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ धारा 7, पीसी एक्ट 1988( संशोधित अधिनियम 2018) के तहत प्रकरण दर्ज कर उससे पूछताछ के साथ मामले से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर रही है। मामले में टीम सुरुचि ऑनलाइन के संचालक की भुमिका की भी जांच कर रही है।
