
340 बंडलों में मिले फर्जी नोट, एक बंडल में पांच लाख रुपये
सहारनपुर । सोफिया मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने से बैंकिंग व्यवस्था में हड़कंप मच गया है। ऑडिट के दौरान सामने आए सभी नोट 500 रुपये के बताए जा रहे हैं। 340 बंडलों में मिले इन नोटों में ज्यादातर नए हैं, जबकि कुछ पुराने नोट भी जांच के दायरे में आए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में एक ही मूल्यवर्ग के नकली नोट मिलने से किसी बड़े नेटवर्क की आशंका गहरा गई है।
मामले की जांच के लिए आरबीआई और पीएनबी मुख्यालय के 21 अधिकारियों की संयुक्त टीम लगाई गई है। टीम प्रत्येक नोट की बारीकी से जांच करने के साथ उसके सीरियल नंबर, स्रोत और बैंकिंग चैनल की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक 500 रुपये के एक बंडल में 1,000 नोट यानी पांच लाख रुपये होते हैं। नोटों की जांच के लिए करीब 23 मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर नकली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। आशंका है कि इन्हें अलग-अलग बैंक शाखाओं के माध्यम से जमा कराया गया हो और किसी स्तर पर इनकी पहचान नहीं हो सकी। पुराने और नए दोनों तरह के नकली नोट मिलने से यह भी जांच की जा रही है कि क्या लंबे समय से नकली करेंसी को धीरे-धीरे बैंकिंग व्यवस्था में खपाया जा रहा था।
एलडीएम नवनीत शर्मा ने मीडिया को बताया, ऑडिट में जांचे गए सभी नोट 500 रुपये के हैं और कुल 340 बंडल मिले हैं। पुलिस ने मामले में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक कार्यालय से जुड़े रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार और जगाधरी करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों के साथ मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इसी करेंसी चेस्ट से नकली करेंसी की रकम और बढ़ने की संभावना कम है, लेकिन एहतियातन अन्य करेंसी चेस्ट को भी अलर्ट किया गया है।
