Spread the love

मध्यप्रदेश पुलिस स्मृति दिवस पर खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने अर्पित की वीर शहीदों के लिए श्रद्धांजलि

सागर । आज पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस आयोजित किया गया है। आज के दिन हम उन पुलिस कर्मियों को याद कर रहें जिन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। हम सब चैन और सुकून की सांस इन शहीद पुलिस कर्मियों के करण ले पा रहे हैं।
उक्त विचार प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सागर के मकरोनिया स्थित दसवी बटालियन परिसर में पुलिस के शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए कही।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि जब पुलिसकर्मी दिन रात देश के लिए जागते हैं तब हम शांति से देश में रह पाते हैं। यह सब हमारे योद्धा पुलिसकर्मियों की बदौलत है कि आज हम आजादी से रह रहे और सुरक्षित अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं । मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि हमारे पुलिसकर्मी अपनी जान की परवाह किए बगैर दिन रात देश की रखवाली करते हैं । उन्होंने कहा कि उन सभी पुलिस जवानों को नमन तथा उनके परिजनों को नमन जिन्होंने ऐसे वीर योद्धा हमारे पुलिस विभाग को दिए।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक प्रदीप लारिया ने दिवंगत पुलिस अधिकारी और जवानों को उनकी वीरता और बलिदान को नमन कर पुष्प गुच्छ भेंट कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने सागर सहित देश की दिवंगत पुलिस कर्मियों के नाम का संबोधन किया एवं उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, कि पुलिस स्मृति दिवस हमें हमारे शहीद जवानों की याद दिलाता है और हमें उनकी वीरता और बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर देता है।

मंत्री राजपूत ने शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को किया सम्मानित :

इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर सांसद लता वानखेड़े, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने पुलिस के शहीद जवानों के परिजनों का शॉल श्रीफल देकर सम्मान किया जिन में स्व. शिवपाल सिंह कुशवाहा जिला पुलिस बल सागर, आरक्षक स्व. राम भरोसे जोशी, जय गोविंद सिंह यादव, स्व. के सी तिवारी, स्व. महिप सिंह, स्व. श्याम लाल दुबे, स्व. दिनेश दुबे, स्व. तेल सिंह के परिजन शामिल रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास सहवाल ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *