Spread the love

छिंदवाड़ा – महावीर का शुभ संदेश – जियो ओर जीने दो, सत्य अहिंसा प्यारा है – यही हमारा नारा है, दीपावली मनाएंगे – पटाखे नहीं जलाएंगे आदि नारों के साथ अहिंसा परमो धर्म की जय, तीर्थंकर महावीर भगवान की जय, 2550 निर्वाण महोत्सव की जयघोष से अहिंसा स्थली गोल गंज सहित धर्म नगरी छिंदवाड़ा गुंजायमान हो उठी।
मंगलमय प्रसंग था अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन द्वारा 42 वर्षों से चलाए जा रहे सर्वोदय अहिंसा अभियान के समर्थन एवं श्री वीर प्रभु के 2550 वें निर्वाण महोत्सव की खुशी में वीतराग विज्ञान पाठशाला द्वारा निकाली गई अहिंसा रैली का, जिसका शुभारंभ श्री आदिनाथ जिनालय गोल गंज में श्री महावीर पूजन से हुआ जिसमें पाठशाला के नन्हे मुन्ने अहिंसा के पुजारियों ने तीर्थंकर महावीर भगवान की पूजन कर उनका गुणानुवाद किया।
अहिंसा रैली का शुभारंभ सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक दीपक राज जैन के हाथों बाल ब्रह्मचारिणी डॉक्टर आरती जैन, श्रीमती सुधारानी पाटनी, पंडित रूपेंद्र शास्त्री, वर्षा पाटनी, भावना जैन, आर्या जैन, संस्कृति जैन, इशिता जैन की विशेष उपस्थित में हुआ। रैली ने नगर का भ्रमण करते हुए जियो ओर जीने दो के साथ जीव दया एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रैली जब पूर्वी बुधवारी पहुंचीं तो जिनशासन सेवक पायल वाला परिवार द्वारा फल वितरण कर रैली का अभिनंदन किया गया और जीव दया के इस पवित्र कार्य की खूब खूब अनुमोदना की गई। जिसमें श्रीमती पायल चिन्मय जैन लंदन विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने सफल आयोजन की शुभकामनाएं दी।
करते हैं जनहित के कार्य –
पाठशाला संचालिका वर्षा पाटनी एवं आर्या जैन का कहना है कि हमारी वीतराग विज्ञान पाठशाला में स्वाध्याय भवन गोल गंज एवं पार्श्वनाथ जिनालय नई आबादी में वर्ष भर लगभग 125 से अधिक बच्चे जैनदर्शन सहित सर्वोदय अहिंसा का अध्ययन करते हैं और तीर्थंकर महावीर के सर्वोदय अहिंसा के सिद्धांत को अपनाकर जीवदया का पालन करते हुए पटाखों से राशि बचाकर जरूरतमंदों की मदद कर शुभ दीपावली एवं महावीर निर्वाण महोत्सव मनाते हैं, जिसकी पूरे भारत सहित सम्पूर्ण विश्व की सकल जैन समाज में सराहना होती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *