
जबलपुर। खितौला थानांतर्गत कल रात क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर खितौला पुलिस व सिहोरा पुलिस के साथ एक साझा टीम बनाकर हाईबा तिराहा स्थित एक होटल में ठहरे तीन संदेहियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, तीन कारतूस, पांच मोबाइल व 22 हजार 830 रुपये एवं बुलेट बाईक जब्त कर २५,२७ आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। खितौला थाना प्रभारी श्रीमती संगीता सिंह ने बताया कि कल रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि एमपी प्लाजा होटल खितौला हाईवे तिराहा के आसपास तीन युवक ठहरे हैं। जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही है। सूचना को आधार बना कर जब क्राइम ब्रांच सिहोरा पुलिस व खितौला पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर के बताये स्थान पर दबिश दी तो एम पी प्लाजा होटल तरफ जाने वाले रास्ते में एक काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल के पास तीन लडक़े खड़े दिखे। जो पुलिस को आता देख बुलेट स्टार्ट कर भागने का प्रयास करने लगे। जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम स्लीमनाबांद कटनी निवासी कान्हा चौबे, शक्ति सिंह, बहोरीबंद निवासी अभिषेक रजक बताये। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन देशी पिस्टल, तीन कारतूस, पांच मोबाइल फोन व 22 हजार 830 रुपये जब्त किये गये।
