सांसद एवं कलेक्टर ने निर्माण कार्यो की प्रगति को लेकर जायजा लिया


दमोह : सांसद राहुल सिंह एवं कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने आज हटा के नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन के निर्माण कार्यो की प्रगति का जायजा लिया। भवन के तैयार कक्षो को देखा, और प्रसाधन आदि का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। आवास गृहों की जानकारी ली, अधूरे कार्य की पूर्णता अवधि की जानकारी ली और कार्य में शीघ्रता के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बैठक में विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये
सांसद श्री राहुल सिंह ने केन्द्रीय विद्यालय हटा के निर्माण कार्यो की प्रगति को लेकर समय पर कार्य नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कहा 1 दिसम्बर को कलेक्टर के साथ दमोह में बैठक कर फाईनल किया जाये। सांसद श्री सिंह ने इस कार्य के लिये डेड लाइन तय की है, विद्यालय के सभी कार्य पूर्ण किये जायें।
सांसद दमोह राहुल सिंह लोधी ने कहा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं हैं, उनमें से केंद्रीय विद्यालय भी केंद्र सरकार की योजना है, जो बेहतर शिक्षा का अधिकार देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। कार्य प्रगति को लेकर जिला अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक हुई है, तय समय पर यह कार्य पूर्ण नहीं हो पाया, उसकी भी समीक्षा की गई, क्या कारण है, कुछ चीजे सामने आई है और अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि क्रम वार सूची बनाएं और दिसंबर महीने की 15 तारीख तक प्रयास कर रहे हैं कि बच्चों को यहां पर शिफ्ट किया जाये। प्रारंभिक रूप से समस्या आई है, शाम तक सूची आएगी उस पर प्रतिदिन के हिसाब से उन समस्याओं का निराकरण करने का काम और समय अवधि के भीतर काम को करने के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा प्रोजेक्ट लेट है, ठंड आ गई है तो दिक्कत हो रही है, जो बच्चे मॉडल एक्सीलेंस स्कूल में पढ़ रहे हैं, 15 दिसंबर तक हम लोग प्रयास कर रहे हैं। 1 दिसम्बर को उनके रीजनल जोनल अधिकारी है वे, केंद्रीय विद्यालय के आर.ओ. आयेंगे, उसके बाद देखेंगे की क्या दिक्कतें आ रहे हैं, मुझे लगता है कि 15 दिसंबर तक बच्चों को शिफ्ट करने में सफल होंगे।
बैठक में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रीतेश पटेल और निर्माण एजेंसी के साथ निर्माण कार्य की पूर्णता की बिंदुबार जानकारी ली। कलेक्टर श्री कोचर ने निर्माण एजेंसी को सख्त लहजे में कहा स्कूली विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं, उन्होंने पत्र लिखकर भेजे हैं, निर्धारित समय निकल रहा है, तय की गई अवधि में यदि विद्यालय का कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने हिदायत दी तय समय में कार्य पूर्ण किये जायें, ताकि विद्यालय में विद्यार्थियों को सुविधायें उपलब्ध हो सकें।
