नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच का सनसनीखेज आरोप
जबलपुर। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने स्मार्ट मीटरों को लेकर सनसनीखेज आरोप लगाया है. मंच के प्रांताध्यक्ष डॉ पीजी नाजपांडे ने आयोजित एक बैठक में यह खुलासा किया कि टेक्निकल कमेटी द्वारा स्मार्ट मीटरों में पाए गये दोष तथा त्रुटियों को लेकर जो रिपोर्ट दी गई थी, उसे देश के बड़ी उद्योग पति अडाणी को लाभ पहुंचाने के लिये दबा दिया गया. उन्होंने कह कि इन मीटरों का निर्माण अडाणी और टाटा कंपनियां कर रही हैं. स्मार्ट मीटर के संदर्भ में आयोजित उपभोक्ता मंच की बैठक में बताया गया कि उपभोक्ताओं के घरों में लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर दोष मुक्त हुये या नहीं यह नहीं पता लग रहा है. फिर भी ऐसे मीटर उपभोक्ताओं के घरों में लगाये जा रहे हैं.
मंच के अनुसार स्मार्ट मीटरों पर गठित टेक्निकल कमेटी ने इन मीटरों में दोष या त्रुटिया पाईं थीं. उन्हें दुरुस्त करने के लिये कमेटी ने अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी थी, ताकि उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाने के पूर्व में वह मीटर दोषमुक्त हो. लेकिन बाद में इस रिपोर्ट पर क्या कार्यवाही हुई इस बावत पता ही नहीं लग रहा है. क्योंकि यह रिपोर्ट दोबारा टेक्निकल कमेटी के पास वापस ही नहीं भेजी गई. जबकि नियमानुसार इस कमेटी को ही फिर से भेजा जाना चाहिये था.
यहां कहा गया कि स्मार्ट मीटरों का निर्माण अडानी और टाटा कंपनियां कर रही हैं. किन्तु स्मार्ट मीटरों में पाये गये दोष एवं त्रुटियां दुरुस्त करने बावत रिपोर्ट टेक्निकल कमेटी को वापस नहीं भेजने से जाहिर होता है कि यह अडानी को लाभ पहुंचाने रिपोर्ट दबाई गई है. बैठक में मंच के डॉ. पीजी नाजपांडे, रजत भार्गव, वेदप्रकाश अधौलिया, डीआर लखेरा, सुशीला कनौजिया आदि उपस्थित रहे.
