दमोह : राज्य शासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 से 1 बजे तक सभी शासकीय कार्यालयों में कार्यालय प्रमुखों को जन सुनवाई किए जाने के निर्देश जारी किये गये हैं। इसी क्रम में अब जिले के सभी कार्यालय प्रमुख प्रातः 11 से 1 बजे के मध्य होने वाली जन सुनवाई में सी.एम. हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की भी सुनवाई करेंगे। जिले के आवेदक जिनकी सी. एम. हेल्पलाइन में शिकायतें लंबित हैं, संबंधित कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 से 1 के मध्य होने वाली जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी शिकायत का निराकरण करा सकते हैं।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा जनसुनवाई में ऐसे आवेदक भी आ सकते हैं जिनकी सी.एम. हेल्पलाइन में शिकायत लंबित है। ऐसे आवेदकों के लिए जनसुनवाई में पृथक से काउंटर बनाया गया है एवं ऐसे आवेदकों के लिए पृथक से आवेदन पत्र लाने की आवश्यकता नहीं है। शिकायत को जनसुनवाई के दौरान ही निराकृत करने के प्रयास किए जायेंगे। इसके साथ ही सामान्य स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित आवेदक भी आ सकते हैं और सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
