सागर । जिले में युक्तियुक्तकरण के तहत 328 प्राथमिक शिक्षक स्कूलों में भेजे गए हैं। जबकि 1000 से अधिक माध्यमिक शिक्षक अब भी अतिशेष हैं। इस बीच पहले चरण में अतिथि शिक्षकों को रखे जाने के बाद अब दूसरे चरण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके तहत जीएफएमएस पोर्टल पर पंजीयन भी शुरू हो गए हैं। 9 सितंबर अंतिम तारीख है। इस बार आवेदकों को स्कूलों में जाकर खाली पदों का पता करने की जरूरत नहीं है। स्कूल शिक्षा विभाग का दावा है कि वे जैसे ही पोर्टल खोलेंगे स्कूलों में खाली पदों की जानकारी मिलती जाएगी। इसी के आधार पर अभ्यर्थी अपनी प्राथमिकता का चयन करते हुए एक ही बार में अनेक स्कूलों का चयन कर सकेगा। अपनी योग्यता के आधार पर स्कोर कार्ड भी भरेगा। इसी आधार पर मेरिट में नाम आने पर स्कूल से ही सीधा बुलावा संबंधित के पास आएगा, जिसके बाद पोर्टल पर ही ज्वाइनिंग की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि भोपाल से निर्देश जारी कर दिए गए हैं, उसी के आधार पर आवेदक अपने आवेदन ऑनलाइन भर सकते हैं।
यह है शेड्यूल
- 9 सितंबर तक : आवेदक द्वारा जीएफएमएस पोर्टल पर शाला विकल्प का चयन किया जाएगा।
- 10 सितंबर : शाला विकल्प चयन के बाद मेरिट के आधार पर आवेदकों को विद्यालय का आवंटन होगा।
- 11 सितंबर से: आवेदकों द्वारा आवंटित विद्यालय में उपस्थिति दी जाएगी।
- 11 से 14 सितंबर : शाला प्रभारी द्वारा जीएफएमएस पोर्टल पर ज्वाइन किए गए अतिथि शिक्षक का प्रमाणीकरण किया जाएगा।

