Spread the love


एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
जबलपुर।
ग्रे आयरन फाउंड्री फैक्ट्री में सोमवार की सुबह एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिससे हड़कंप मच गया। घटना में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रे आयरन फाउंड्री सेक्शन में कार्यरत कर्मचारी अशोक कुमार मीणा गैस बेल्डिंग कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज आई और पूरे निर्माणी परिसर में दहशत फैल गई। विस्फोट की आवाज सुनकर कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और पाया कि अशोक कुमार मीणा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर बेहोश पड़े हुए थे। उनके पैर से काफी खून बह रहा था।
तत्काल उसे नजदीकी वीएफजे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल की स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हादसा गैस बेल्डिंग के दौरान हुआ था, जब एक ड्रम फट गया। विस्फोट के कारण एक मेटल का टुकड़ा बहुत तेजी से अशोक मीणा के पैर को चीरता हुआ निकल गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस हादसे के दौरान यदि कुछ और कर्मचारी भी उसी स्थान पर मौजूद होते, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
हालांकि, इस घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए अब जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी, और यह भी देखा जाएगा कि क्या कोई सुरक्षा मानक की अनदेखी तो नहीं हुई।
इस घटना ने सुरक्षा उपायों की गंभीरता को उजागर किया है और आगामी समय में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए और सख्त कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *