Spread the love

मैदान में उतरे अधिकारी
जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्‍याय ने सर्किट हाउस में राजस्‍व और पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित कर शहर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम कमिश्‍नर श्रीमती प्रीति यादव भी उपस्थित थीं। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी दबाव के त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।
कलेक्टर सक्सेना ने बैठक में यह स्पष्ट किया कि यातायात और अतिक्रमण की समस्या को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए प्रशासन को एक ठोस योजना के तहत कार्य करना होगा। उन्होंने कहा, “किसी भी दबाव में आए बिना हमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारना है और अतिक्रमण को हटाना है। इसके लिए पुलिस और नगर निगम को मिलकर काम करना होगा। अस्थायी अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था से नागरिकों को होने वाली समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के मुख्य इलाकों में, जैसे कि फुहारा और गंजीपुरा, सबसे पहले अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए। साथ ही, चालान काटने, जब्ती की कार्रवाई करने और पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं।
फ्लैग मार्च और नागरिकों से संवाद…
कलेक्टर सक्सेना और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्‍याय ने यातायात और अतिक्रमण की समस्या को समाधान करने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उन्होंने गंजीपुरा, अंधेरदेव, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, कोतवाली और गौरीघाट क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्थाई अतिक्रमण और पार्किंग समस्याओं का मुआयना किया और इन क्षेत्रों में सुधार के लिए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान श्रीनाथ की तलैया स्थित पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और क्षेत्रीय व्यापारियों से इस मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि उनके साथ समन्वय करके अतिक्रमण और पार्किंग समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।
आगे की कार्य योजना…
कलेक्टर श्री सक्सेना ने अधिकारियों को बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या को सुधारने के लिए एक एकीकृत कार्य योजना तैयार की जाएगी। इसमें ऑटो और ई-रिक्शा के रेट तय करने, अस्थायी अतिक्रमण हटाने, और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर ध्यान दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने भी इस मुद्दे पर कहा कि जिले में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *