आंगनवाडी केन्द्र क्रमांक 24 में टीकाकरण कर रही ए.एन.एम. को सेवाओं में सुधार लाने एवं सत्र दौरान बच्चों का मोबीलाईजेशन बढाने दिये निर्देश


दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने आज शहरी क्षेत्र दमोह के सुभाष कालौनी, आंगनवाडी केन्द्र क्रमांक 12 और महाराणा प्रताप वार्ड मोरगंज आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 24 में आयोजित नियमित टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ विशाल शुक्ला एवं डब्ल्यू.एच.ओ. प्रतिनिधि डॉ अंकिता विशेष रूप से मौजूद रहे।
सुभाष कॉलोनी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 12 पर आयोजित टीकाकरण सत्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री कोचर द्वारा एएनएम के पास ड्यू लिस्ट के अनुसार टीकाकरण के लिए आए हुए बच्चों की संख्या पर संतोष जताया गया। इस अवसर पर उन्होंने वैक्सीन को सही तरीके से सुरक्षित कोल्ड चैन में रखकर ही टीकाकरण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात टीकाकरण कार्ड के काउंटर फाइल वाले रिकॉर्ड को अपने पास संधारित करने एवं पहले टीका लगाने बाद में रिकॉर्ड भरने के स्पष्ट निर्देश दिए। यह भी कहा कि किसी भी हितग्राही को ज्यादा देर टीका लगाने के लिए इंतजार ना करना पड़े, टीका लगाने के बाद कम से कम आधे घंटे तक हर एक हितग्राही को केंद्र पर ही रोकने की सलाह दी।
केंद्र क्रमांक 24 मोरगंज गल्ला मंडी पर टीकाकरण सत्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री कोचर ने एएनएम को हितग्राहियों की लिस्ट देखकर सभी बच्चों और महिलाओं को केंद्र पर बुलाकर टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। एएनएम द्वारा जब ये बताया गया कि इस केंद्र के आसपास के हितग्राहियों ने प्राइवेट में जाकर टीकाकरण कराने का प्रचलन है, इस पर कलेक्टर द्वारा पहले नाराज़गी व्यक्त की गई, कि शासकीय सिस्टम में भरोसा जताइए, प्राइवेट से बेहतर काम कीजिये, तभी लोग शासकीय वैक्सीन लगवाने आएंगे। कोई भी अनावश्यक पैसे खर्च नही करना चाहता, विश्वास पैदा कीजिए कि आप बेहतर काम करती हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुकेश जैन ने बताया कि बच्चों को जानलेवा बीमारियो एवं विकलांगता से बचाव एवं सुरक्षा हेतु टीकाकरण सर्वाधिक असरदार उपाय है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर माह के मंगलवार और शुक्रवार को नियमित टीकाकरण सत्र समुदाय के निकट ही आयोजित किये जाते है। जिले को मीजल्स-रूबेला जैसी जानलेवा बीमारियो के उन्मूलन हेतु शत-प्रतिशत बच्चो को पूर्ण टीकाकृत करने विशेष प्रयास किये जा रहे है। सत्र संचालन की प्रभावशीलता बनाये रखने जिला स्तर से टीकाकरण सत्र पर निगरानी रखी जा रही है। इस संबंध में आज कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर द्वारा निरीक्षण किया गया है।
