
धान उपार्जन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी-कलेक्टर
जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने सख्त हिदायत दी कि धान उपार्जन कार्य में लापरवाही न की जाए| सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो| लापरवाही बरतने में सख्त कार्रवाई की जाएगी| उन्होंने यह भी हिदायत दी कि जो भी अधिकारी, कर्मचारी धान उपार्जन ड्यूटी से बचने के लिए बिमारी का कारण बता रहे है उनका मेडीकल बोर्ड से परीक्षण कराया जाए| कलेक्टर यहां अपने कार्यालय में धान उपार्जन से जुड़े अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे| कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि उपार्जन से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए| कही कोई व्यवहारिक और तकनीकी दिक्कत आ रही है तो अवगत कराया जाए| बैठक में उन्होंने सख्त हिदायत दी कि जो वेयर हाउस संचालक उपार्जन कार्य में सहयोग न करे, उनका लायसेंस तत्काल निरस्त किए जाए| साथ ही इनकी सब्सिडी भी वापस ली जाए| उनकी मनमर्जी नहीं चलेगी। पनागर क्षेत्र के सिंगोद, कुशनेर, छतरपुर और पनागर में समिति प्रबंधक द्वारा लापरवाही करने पर उनके विरूद्ध एफआईआर कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री सक्सेना ने कहा कि शीघ्र ही विजिलेंस टीम गठित करे और सभी अधिकारी फील्ड में जाएं व शाम को चेकलिस्ट की रिपोर्ट उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए। बैठक में उन्होंने कहा कि उत्पादन केंद्र में बारदाना, तौल कांटा, छन्ना, पंखा, छाया व पानी आदि की व्यवस्था तत्काल कराई जाए।
