
आक्रोशित व्यापारिक संगठनों ने अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन
जबलपुर। शहर के प्रसिद्ध पुस्तक व्यापारी विनय पुस्तक सदन के संचालक मनोज गुप्ता की ई-रिक्शा की टक्कर से मृत्यु से व्यापारियों में खासा आक्रोश हैं। सोमवार को इस घटना के साथ ही अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रोष व्यक्त करते हुए शहर के कई व्यापारिक संगठनों ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक कर शहर में ई रिक्शा के कथित तौर पर बढ़ते आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की गई। इस मामले में एसपी, कलेक्टर, निगमायुक्त सहित अन्य निकायों के नाम संबोधित ज्ञापन विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा सौंपे गए।
ज्ञापनों में आरोपी ई रिक्शा चालक की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ व्यापारिक क्षेत्रो में क्षमता से अधिक संख्या में घूम रहे ई-ऑटो के तांडव पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि व्यापारिक क्षेत्र केवल 10 फुट चौड़ा है एवं विजय कटपीस के लेकर देवी स्वीट्स तक गली संकीर्ण होने के कारण सैकड़ों की संख्या से ई-ऑटो के प्रवेश से आये दिन जाम की स्थिति बनी रहती है एवं ई-ऑटो के कारण लड़ाई-झगड़ा की स्थिति बन जाती है जिससे व्यापारी परेशान हो जाते है जिस कारण से व्यापार अत्यंत प्रभावित हो रहा है।
ई-रिक्शा चालकों का ड्रेस कोड, रुट निर्धारित हो………….
इस दौरान व्यापारिक संगठनों के द्वारा ई-रिक्शा चालक के लाईसेंस एवं उनका ड्रेस कोड लागू करने, ई-रिक्शा चालकों का रूट निर्धारित करने की मांग की गइ जिससे अधिक संख्या में ई-रिक्शा एक ही स्थान पर न घूमे।
नये ई-रिक्शा पंजीयन तुरंत बंद करने, ई-रिक्शा से होने वाली परेशानियों की शिकायत हेतु एक हेल्प लाईन नंबर शासन की तरफ से जारी करने की का सुझाव दिया गया।
यातायात सुधारने दिए सुझाव………….
व्यापारी संगठनों ने चर्चा कर वन वे मार्ग का निर्धारण कर वन वे चालू करने की मांग भी की गई ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या से निदान मिल सके। दुकानों के सामने फुटपाथ पर जो दुकानें लग रही है या दुकानदार लगवा रहे हैं, उन पर कठोर कार्रवाई कर फुटपाथ पर लगने वाली दुकानें बंद कराने की भी मांग की गई ताकि यातायात व्यवस्थित रूप से चलता रहे। दुकान के बाहर सामग्री रख अतिक्रमण करने वाले दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग के साथ ही पार्किंग की उचित व्यवस्था की मांग की गई।
ये संगठन रहे शामिल…………..
बैठक और ज्ञापन के दौरान सराफा एसोसिएशन जबलपुर, मेनरोड गंजीपुरा व्यापारी संगठन, जबलपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ, लार्डगंज व्यापारी संगठन, नार्मल स्कूल रोड गंजीपुरा व्यापारी संघ, मालवीय चौक व्यापारी संगठन, जबलपुर रेडिमेड रिटेल वस्त्र व्यापारी संघ, तिलक व्यापारी संघ, श्री विद्यासागर पथ व्यापारी संघ, जबलपुर अनाज एवं तिलहन व्यापारी संघ, जबलपुर इमीटेशन एंड बैंगिल एसोसिएशन (होलसेल) सहित अन्य व्यापारी संगठनों के व्यापारी भी शामिल रहे।
