Spread the love

डीईओ ने पनागर एवं जबलपुर के विद्यालयों का किया निरीक्षण
जबलपुर। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की स्कूलों का जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने सभी प्राचार्यो से कहा कि वे अपने विद्यालय की सभी कक्षाओं का नियमित निरीक्षण करके पढ़ाई तथा बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराए| गत दिवस श्री सोनी ने शासकीय हाईस्कूल सूरतलाई,शासकीय हाईस्कूल रैगवाँ तथा शासकीय हाईस्कूल माढ़ोताल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय हाईस्कूल सूरतलाई में देखा गया कि कमजोर बच्चे पीछे बैठे है, बच्चों को रोटेशन करके नहीं बिठाया गया है। पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद रिवीजन प्रश्न आधारित किया जा रहा है, लपेट श्याम पट पर पहले से प्रश्न बनाकर लाना है जो कि नहीं पाए गए। एक लाइन के प्रश्नों का प्रयोग नहीं हो रहा। इस पर सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
शासकीय हाइस्कूल रेंगवाँ में प्राचार्य रश्मि जैन तथा माध्यमिक शिक्षक रूपलता कुशवाहा अवकाश पर थी। विद्यालय में पढ़ाई का स्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। विद्यालय के शिक्षक पाठ्य वस्तु पर ध्यान नहीं दे रहे है। बच्चों को गृहकार्य भी नहीं दिया जा रहा है। प्राचार्य एवं सभी शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
इसी प्रकार शासकीय हाइस्कूल माढ़ोताल के निरीक्षण में देखा गया कि विद्यालय में मरम्मत राशि स्वीकृत होने के बाद भी प्राचार्य द्वारा कार्य शुरू नहीं कराया गया है जिस पर डीईओ ने अप्रसन्नता व्यक्त की। कक्षाओं के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति अत्यंत कम थी। शिक्षकों की डेली डायरी एवं स्टूडेंट डेटा रजिस्टर अपूर्ण पाया गया। प्राचार्य द्वारा कक्षाओं का निरीक्षण नहीं किया जा रहा है। इस पर प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *