
दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर आज राजस्व महा अभियान 3.0 के तहत हिंडोरिया क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री कोचर ग्राम आमखेड़ा, लुहर्रा, गुंजी, नोनपानी ग्रामों में आयोजित शिविरों में पहुंचे। उन्होंने राजस्व महा अभियान 3.0 में अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में आए हुए किसानों से चर्चा की, उनकी बातें व समस्याएं सुन संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। राजस्व महा अभियान 3.0 के तहत किसानों के फौती, नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, फार्मर आईडी सहित अन्य राजस्व कार्य किये जा रहे हैं। अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कोचर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदकपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा की। इस दौरान ड्यूटीरत डॉक्टर अनुपस्थित पाए जाने पर उनके विरूद्ध कार्यवाही करने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।
