Spread the love

ठगो ने रकम को उड़ीसा, पश्चिम बंगाल के बैंको की ब्रांच में किया ट्रांसफर
भोपाल। टीटी नगर में रहने वाले एक कर्मचारी के बैंक एकाउंट से सायबर ठगोरो ने साढ़े चार लाख रुपये की रकम उड़ा दी। हैरानी वाली बात यह है, कि जालसाजों ने इस मामले में न तो खाता धारक को फोन लगाया और न ही उनसे किसी तरह का कोई ओटीपी पूछा। फरियादी को इसकी जानकारी बैंक से आये रुपये कटने के मैसेज आने पर लगी। इससे पहले कि वह कुछ कर पाते मैसेज भी अपने आप मोबाइल से डिलीट हो गए। जानकारी के अनुसार टीटी नगर में रहने वाले केवलराम मालवीय पर्यटन विकास निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उनका टीटी नगर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में एकाउंट है। बीती 15 जुलाई की शाम करीब 6 बजे केवलराम के मोबाइल पर बैंक की तरफ से दो मैसेज पहुंचे। मैसेज में पहली बार 4 लाख रुपये और दूसरी बार 50 हजार रुपये निकाले जाने की सूचना थी। लेकिन रुपए निकलने से पहले उन्हें किसी भी व्यक्ति ने फोन नहीं किया और न ही किसी ने कोई ओटीपी पूछा। वहीं केवलराम ने अपने मोबाइल में किसी प्रकार का ऐप भी डाउनलोड नहीं किया था। ऐसे में एक साथ साढ़े चार लाख रुयपे निकलने पर वह परेशान हो गए। शिकायत मिलने पर सायबर क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि केवलराम के खाते से निकाली गई रकम केनरा बैंक की उड़ीसा स्थित क्योडार शाखा और आईडीबीआई बैंक की पश्चिम बंगाल स्थित दक्षिण दीनाजपुर शाखा के दो खातों में ट्रांसफर हुई है। इस आधार पर सायबर क्राइम ब्रांच ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। घटनास्थल टीटी नगर होने के कारण केस डायरी टीटी नगर भेजी गई थी, जहां पुलिस ने असल कायमी कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *